असुरक्षित ‘राजेश मिक्स मसाला’ की बिक्री पर पूरे यूपी में लगी रोक, जांच में सब्जी मसाला स्वास्थ्य के लिए असुरक्षित मिलने से मचा हड़कंप

187

असुरक्षित ‘राजेश मिक्स मसाला’ की बिक्री पर पूरे यूपी में लगी रोक, जांच में सब्जी मसाला स्वास्थ्य के लिए असुरक्षित मिलने से मचा हड़कंप

चंदौली : खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन ने मिलावट और असुरक्षित खाद्य पदार्थों के खिलाफ कार्रवाई तेज कर दी है। अमेठी में निर्मित ‘राजेश ब्रांड मिक्स मसाला पाउडर (सब्जी मसाला)’ के बैच/लॉट नंबर 03 का नमूना प्रयोगशाला जांच में असुरक्षित पाए जाने के बाद शासन ने उसकी बिक्री पर पूरे प्रदेश में तत्काल प्रभाव से रोक लगा दी है। संबंधित निर्माता को बाजार से उक्त बैच का पूरा स्टॉक वापस लेने के निर्देश भी दिए गए हैं।

खाद्य सुरक्षा विभाग की साईं नमकीन इंडस्ट्रीज पर छापेमारी

वहीं, इसी के तहत चंदौली में खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने औद्योगिक क्षेत्र फेस-2 स्थित साईं नमकीन इंडस्ट्रीज पर छापेमारी की। मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी के.एन. त्रिपाठी के नेतृत्व में हुई कार्रवाई के दौरान खाद्य सुरक्षा अधिकारी अरविंद सिंह ने नमकीन निर्माण प्रक्रिया और परिसर की स्वच्छता का निरीक्षण किया। जांच में निर्माण स्थल पर कई कमियां और अनियमितताएं सामने आईं।

नमकीन के दो नमूने जांच के लिए भेजे गए प्रयोगशाला

विभाग ने फैक्ट्री संचालक को सुधार के लिए नोटिस जारी करने के साथ ही नमकीन के दो नमूने लेकर जांच के लिए प्रयोगशाला भेजे हैं। अधिकारियों के अनुसार, प्रयोगशाला रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।

जनस्वास्थ्य से खिलवाड़ पर होगी कार्रवाई

खाद्य सुरक्षा विभाग की कार्रवाई से जिले के खाद्य कारोबारियों में हड़कंप मचा है। विभाग ने स्पष्ट किया है कि खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता से समझौता करने और आमजन के स्वास्थ्य से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।