बलुआ में व्यापारी से 1.20 लाख की छिनैती, लाठी-डंडों से हमला कर बदमाश फरार, सकलडीहा से तगादा कर घर लौट रहे व्यापारी को बनाया निशाना, घटना से व्यापारियों में आक्रोश

407

बलुआ में व्यापारी से 1.20 लाख की छिनैती, लाठी-डंडों से हमला कर बदमाश फरार, सकलडीहा से तगादा कर घर लौट रहे व्यापारी को बनाया निशाना, घटना से व्यापारियों में आक्रोश

चंदौली : बलुआ थाना क्षेत्र में अपराध पर अंकुश लगाने के पुलिस के दावों के बीच शुक्रवार की रात बदमाशों ने एक व्यापारी को निशाना बनाते हुए लाठी-डंडों से हमला कर 1.20 लाख रुपये की छिनैती कर ली। वारदात बलुआ सराय-रानेपुर मार्ग पर टेढ़की पुलिया के पास तिराहे से कुछ दूरी पर हुई। घटना के बाद क्षेत्र के व्यापारियों में आक्रोश व्याप्त है।

बलुआ सराय गांव निवासी रतन बरनवाल चहनिया कस्बे में पतंजलि के थोक व्यापारी हैं। शुक्रवार की रात वह सकलडीहा क्षेत्र में व्यापारियों से बकाया रकम का तगादा कर बाइक से अपने घर सराय लौट रहे थे। बताया जा रहा है कि सराय-रानेपुर मार्ग पर तिराहे से कुछ दूरी पर चार नकाबपोश बदमाशों ने उनकी बाइक रोक ली। इसके बाद बदमाशों ने लाठी-डंडों से उन पर हमला कर दिया। सिर में चोट लगने से व्यापारी सड़क पर गिर पड़े।

आरोप है कि बदमाशों ने उनके झोले और पर्स में रखे करीब 1 लाख 20 हजार रुपये निकाल लिए और रानेपुर की ओर फरार हो गए। व्यापारी द्वारा शोर मचाने तक बदमाश अंधेरे का फायदा उठाकर काफी दूर निकल चुके थे। घायल व्यापारी तत्काल बलुआ थाने पहुंचे और पुलिस को घटना की जानकारी देते हुए तहरीर दी।

व्यापारी के साथ हुई इस घटना से क्षेत्र के व्यापारियों में नाराजगी है। व्यापार मंडल अध्यक्ष भानु प्रताप यादव ने कहा कि व्यापारियों के साथ आए दिन इस तरह की घटनाएं हो रही हैं, जिससे उनमें भय का माहौल है। उन्होंने कहा कि यदि जल्द घटना का खुलासा कर बदमाशों की गिरफ्तारी नहीं की गई तो व्यापारी आंदोलन के लिए बाध्य होंगे।

सीओ बोले – हर पहलू पर जांच, जल्द होगा खुलासा

सीओ सकलडीहा कृष्ण मुरारी शर्मा ने बताया कि व्यापारी के साथ हुई छिनैती की घटना पुलिस के संज्ञान में है। घटना के खुलासे के लिए पुलिस टीम गठित कर दी गई है। पुलिस घटनास्थल के आसपास के संभावित मार्गों, संदिग्ध व्यक्तियों और घटना से जुड़े सभी पहलुओं की गहनता से जांच कर रही है। उन्होंने कहा कि मामले में साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं और पुलिस जल्द ही घटना का पर्दाफाश कर आरोपियों के खिलाफ आवश्यक कार्रवाई करेगी।