फोल्डिंग सीढ़ी लेकर घूम रहे चोर, मंदिरों से लेकर घरों तक ताबड़तोड़ चोरी, बलुआ-धानापुर क्षेत्र में चोरों का आतंक, सोने-चांदी के आभूषण और नकदी पर किया हाथ साफ; ग्रामीणों में भारी आक्रोश
चंदौली : जिले के बलुआ और धानापुर थाना क्षेत्रों में चोरों का आतंक लगातार बढ़ता जा रहा है। बीती रात बलुआ थाना क्षेत्र के खंडवारी गांव सभा और हिनौता में चोरों ने काली माता के मंदिरों को निशाना बनाकर सोने-चांदी के आभूषण समेत अन्य सामान चोरी कर लिया। वहीं धानापुर थाना क्षेत्र के आवाजापुर और बिरना गांव में भी चोरी की घटनाओं ने ग्रामीणों की चिंता बढ़ा दी है। लगातार हो रही घटनाओं से ग्रामीणों में भारी आक्रोश है और रात्रि गश्त को लेकर पुलिस व्यवस्था पर सवाल उठने लगे हैं।
खंडवारी गांव सभा में टीले पर स्थित काली माता मंदिर में चोर चैनल और दरवाजे का ताला तोड़कर अंदर घुसे। चोर मां की चांदी की चरण पादुका, सोने की नथ, सोने की आंख, सोने की बाली, चांदी का गिलास, कटोरी, डिब्बे में रखी नकदी समेत अन्य सामान चोरी कर ले गए। सुबह पूजा करने पहुंचे ग्रामीणों को चोरी की जानकारी हुई तो मौके पर भीड़ जुट गई। सूचना पर पहुंची बलुआ पुलिस ने जांच-पड़ताल की।
वहीं हिनौता स्थित काली माता मंदिर में भी चोरों ने सोने की नथिया चोरी कर ली। मंदिर के पुजारी संकट यादव ने बताया कि रात करीब 12:30 बजे चोर मंदिर का ताला तोड़ रहे थे। बगल में सो रहे व्यक्ति ने फोन कर इसकी सूचना दी। जब तक लोग मौके पर पहुंचे, चोर सोने की नथिया लेकर बाइक से फरार हो चुके थे।
फोल्डिंग सीढ़ी लेकर निकल रहे चोर!
क्षेत्र में लगातार हो रही घटनाओं के बीच ग्रामीणों का कहना है कि चोर अब बाकायदा फोल्डिंग सीढ़ी लेकर निकल रहे हैं और मौका मिलते ही मंदिरों व घरों को निशाना बना रहे हैं। चोरी की घटनाओं के तरीके को लेकर ग्रामीणों में भय और आक्रोश दोनों बढ़ रहा है। लोगों का आरोप है कि रात में पुलिस की गश्त प्रभावी नहीं होने के कारण चोरों के हौसले बुलंद हैं।
उधर, धानापुर थाना क्षेत्र के आवाजापुर गांव में चोरों ने धर्मेंद्र सिंह के घर को निशाना बनाकर लाखों रुपये के आभूषण और नकदी चोरी कर ली। बिरना गांव में भी चोरों ने एक घर में घुसकर चोरी की घटना को अंजाम दिया। ग्रामीणों के मुताबिक, चोर घरों में घुसकर सो रहे लोगों पर स्प्रे का इस्तेमाल कर चोरी कर रहे हैं। लगातार सामने आ रही घटनाओं से ग्रामीणों में दहशत का माहौल है।
खंडवारी के ग्रामीण अंकुर सिंह, विकास यादव, विवेक सिंह, निखिल सिंह, रोहित सिंह, राजेश सिंह, विंध्यवासिनी सिंह और आशु यादव सहित अन्य लोगों ने चोरी की घटनाओं पर कड़ा आक्रोश जताया। हिनौता के ग्रामीणों ने चेतावनी दी कि यदि जल्द ही घटनाओं का खुलासा नहीं हुआ तो आंदोलन किया जाएगा।
इस संबंध में सीओ सकलडीहा कृष्ण मुरारी शर्मा ने बताया कि मामला संज्ञान में है। चोरी की घटनाओं के खुलासे के लिए टीम गठित कर दी गई है। जल्द ही घटनाओं का खुलासा किया जाएगा।


















