बंद मकान से लाखों की चोरी, सीसीटीवी में असलहा लहराते कैद हुए चोर, धानापुर क्षेत्र में लगातार चोरी की घटनाओं से ग्रामीणों में आक्रोश, पूर्व विधायक ने पुलिस की कार्यप्रणाली पर उठाए सवाल
चंदौली : धानापुर थाना क्षेत्र के बिरना गांव में बुधवार की रात चोरों ने एक बंद मकान को निशाना बनाते हुए लाखों रुपये के जेवरात और नकदी पर हाथ साफ कर दिया। चोरी की पूरी घटना घर में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है, जिसमें चोर असलहा लिए हुए नजर आ रहे हैं। घटना के बाद क्षेत्र में दहशत और पुलिस की सक्रियता को लेकर ग्रामीणों में नाराजगी है।
बिरना गांव निवासी भानु मौर्य का नया मकान है। मकान की दूसरी मंजिल पर निर्माण कार्य चल रहा है। परिवार के लोग रात में पुराने मकान में सोने चले जाते थे। बुधवार की रात भी मकान बंद था। इसी का फायदा उठाकर चोर घर में घुस गए और एक लाख 60 हजार रुपये नकद, सोने की चेन, अंगूठी समेत अन्य आभूषण लेकर फरार हो गए। गुरुवार सुबह परिजन नए मकान पर पहुंचे तो कमरे का सामान बिखरा देखकर उनके होश उड़ गए। इसके बाद पुलिस को 112 नंबर पर सूचना दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने जांच शुरू कर दी।
घटना की जानकारी मिलने पर सैयदराजा के पूर्व विधायक मनोज सिंह डब्लू पीड़ित परिवार के घर पहुंचे और घटना की जानकारी ली। उन्होंने कहा कि क्षेत्र में लगातार चोरी की घटनाएं हो रही हैं और पुलिस चोरों पर अंकुश लगाने में नाकाम साबित हो रही है। उन्होंने चोरी की घटना का जल्द खुलासा करते हुए आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग की। साथ ही चेतावनी दी कि यदि चोरों की गिरफ्तारी नहीं हुई तो बड़े आंदोलन का रास्ता अपनाया जाएगा।
ग्रामीणों के अनुसार धानापुर क्षेत्र में पिछले कुछ समय से चोरी की घटनाओं में लगातार इजाफा हुआ है। कुछ दिन पूर्व धानापुर ब्लॉक मुख्यालय के समीप हनुमान मंदिर से करीब 500 ग्राम चांदी का मुकुट तथा नरौली काली मंदिर से करीब 20 किलो का घंटा और चांदी की आंखें चोरी होने की घटना सामने आई थी। इन घटनाओं का अब तक खुलासा नहीं होने से ग्रामीणों में पुलिस के प्रति नाराजगी बढ़ती जा रही है।
ग्रामीणों का कहना है कि लगातार हो रही चोरी की घटनाओं से चोरों के हौसले बुलंद हैं। यदि पुलिस ने जल्द ही घटनाओं का खुलासा कर आरोपियों को गिरफ्तार नहीं किया तो आने वाले दिनों में चोरी की घटनाएं और बढ़ सकती हैं। ग्रामीणों ने पुलिस अधिकारियों से क्षेत्र में गश्त बढ़ाने और चोरी की घटनाओं का शीघ्र खुलासा करने की मांग की है।


















