सैयदराजा नगर पंचायत में तकरार फिर सामने आई, पूर्व चेयरमैन ने लगाए भ्रष्टाचार के आरोप, बिना टेंडर व प्रस्ताव के विकास कार्य कराने का आरोप, डीएम से जांच पूरी कर रिपोर्ट शासन को भेजने की मांग

109

सैयदराजा नगर पंचायत में तकरार फिर सामने आई, पूर्व चेयरमैन ने लगाए भ्रष्टाचार के आरोप, बिना टेंडर व प्रस्ताव के विकास कार्य कराने का आरोप, डीएम से जांच पूरी कर रिपोर्ट शासन को भेजने की मांग

चंदौली : सैयदराजा नगर पंचायत में भाजपा की वर्तमान चेयरमैन आभा जायसवाल और भाजपा के पूर्व चेयरमैन शंकर प्रसाद जायसवाल के बीच चल रही तकरार एक बार फिर खुलकर सामने आ गई। बुधवार को कलेक्ट्रेट पहुंचे पूर्व चेयरमैन शंकर प्रसाद जायसवाल ने वर्तमान चेयरमैन पर नगर पंचायत में नियमों की अनदेखी कर विकास कार्य कराने और भ्रष्टाचार को बढ़ावा देने के गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने जिलाधिकारी से मामले की निष्पक्ष जांच कराकर कार्रवाई की मांग की।

पूर्व चेयरमैन ने आरोप लगाया कि आभा जायसवाल के अध्यक्ष बनने के बाद पिछले करीब 16 महीनों में सैयदराजा नगर पंचायत में कई विकास कार्य बिना टेंडर और आवश्यक कार्यवाही के कराए जा रहे हैं। उनका दावा है कि इन कार्यों का सरकारी दस्तावेजों में समुचित रिकॉर्ड भी उपलब्ध नहीं है। उन्होंने नगर पंचायत में तैनात अधिशासी अधिकारी पर भी अध्यक्ष का सहयोग करते हुए नियमों की अनदेखी करने का आरोप लगाया।

शंकर प्रसाद जायसवाल ने बताया कि करीब पांच माह पूर्व शासन स्तर से चेयरमैन के खिलाफ जांच के लिए जिलाधिकारी को निर्देशित किया गया था। इसके बाद जिलाधिकारी के निर्देश पर अधिकारियों की टीम ने नगर पंचायत में कराए गए विभिन्न विकास कार्यों की जांच भी की थी। उनका आरोप है कि जांच पूरी होने के बावजूद अब तक रिपोर्ट शासन को नहीं भेजी गई है।

उन्होंने कहा कि बुधवार को जिलाधिकारी से मुलाकात कर पूरे मामले से अवगत कराया गया और लंबित जांच प्रक्रिया को शीघ्र पूरा कर रिपोर्ट शासन को भेजने की मांग की गई है। पूर्व चेयरमैन का कहना है कि नगर पंचायत में किसी भी विकास कार्य के लिए सभासदों की बैठक में प्रस्ताव तैयार कर उसे सामूहिक रूप से पारित कराया जाना चाहिए, लेकिन वर्तमान अध्यक्ष पर उन्होंने इस प्रक्रिया का पालन नहीं करने का आरोप लगाया।

उन्होंने कहा कि नगर पंचायत की कार्यशैली को लेकर स्थानीय लोगों में भी नाराजगी है। यदि मामले की निष्पक्ष जांच नहीं हुई तो वह मुख्यमंत्री के समक्ष भी शिकायत रखेंगे। उन्होंने कहा कि दोषियों के खिलाफ कार्रवाई होने तक वह मामले को उठाते रहेंगे।

हालांकि, वर्तमान चेयरमैन आभा जायसवाल और नगर पंचायत के अधिशासी अधिकारी का पक्ष इस संबंध में सामने नहीं आया है। उनका पक्ष प्राप्त होने पर उसे भी प्रकाशित किया जाएगा।