विकास की बाट जोह रहा बनरसिया गांव, सड़क-नाली और अस्पताल की मांग को लेकर डीएम से मिले ग्रामीण
चंदौली : शहाबगंज विकासखंड क्षेत्र के बनरसिया गांव के दर्जनों ग्रामीणों ने सोमवार को जिलाधिकारी से मुलाकात कर गांव की बदहाल स्थिति से अवगत कराया। ग्रामीणों ने सड़क, नाली, स्वास्थ्य सुविधा सहित मूलभूत सुविधाओं की मांग को लेकर जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपा। ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि आजादी के बाद से अब तक गांव में अपेक्षित विकास कार्य नहीं हो सके हैं, जिसके चलते उन्हें रोजमर्रा की कई परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
ग्रामीणों ने बताया कि गांव की कई सड़कें लंबे समय से बदहाल हैं। जगह-जगह रास्ते क्षतिग्रस्त होने से आवागमन में परेशानी होती है। वहीं, जल निकासी की समुचित व्यवस्था नहीं होने के कारण बारिश के दौरान रास्तों पर जलभराव की स्थिति उत्पन्न हो जाती है। ग्रामीणों ने नालियों के निर्माण, क्षतिग्रस्त सड़कों की मरम्मत, नए मार्गों के निर्माण तथा गांव में स्वास्थ्य सुविधा के लिए अस्पताल की व्यवस्था किए जाने की मांग की।
गांव तक नहीं पहुंचा प्रशासनिक अमला
ग्रामीणों ने कहा कि गांव की समस्याओं को लेकर कई बार अपेक्षा रही कि प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लेंगे, लेकिन अब तक किसी बड़े अधिकारी द्वारा गांव का स्थलीय निरीक्षण नहीं किया गया। ग्रामीणों के अनुसार गांव में प्रशासन की ओर से चौपाल लगाकर समस्याओं की सुनवाई भी नहीं हुई है। इससे ग्रामीणों में विकास कार्यों को लेकर निराशा बनी हुई है।
जिलाधिकारी ने दिया आस्वासन
ग्रामीणों ने जिलाधिकारी से गांव का स्थलीय निरीक्षण कराकर समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर समाधान कराने की मांग की। ज्ञापन लेने के बाद जिलाधिकारी ने ग्रामीणों को आश्वस्त किया कि संबंधित विभागों के अधिकारियों को मौके पर भेजकर समस्याओं का निरीक्षण कराया जाएगा। इसके साथ ही आवश्यकतानुसार सड़क की मरम्मत एवं निर्माण सहित अन्य विकास कार्यों की कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
ये रहे मौजूद
इस दौरान कृष्णानंद पांडेय, कार्तिकेय पांडेय, कमलेश पांडेय, सर्वजीत यादव, धनंजय तिवारी, कमलेश शर्मा, उमाकांत पांडेय, वासुदेव राम, नीर निधि पांडेय, सोनू पांडेय, रामदुलार, शंकर, संतलाल, दयाराम, राजू राम, अनिल कुमार शर्मा समेत दर्जनों ग्रामीण मौजूद रहे।


















