हौसला बुलन्द बदमाशों ने युवक को मारी गोली

872

हौसला बुलन्द बदमाशों ने युवक को मारी गोली

चंदौली : सदर कोतवाली क्षेत्र के झांसी गांव में मंगलवार की दोपहर खेत से लौट रहे एक युवक को हौसला बुलंद अज्ञात बदमाशों ने गोली मार दी. जिससे युवक गंभीर रूप से घायल हो गया. आनन फानन में घायल को वाराणसी के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है. जहां उसका ईलाज चल रहा है. वही घटना की सूचना पाकर अपर पुलिस अधीक्षक विनय कुमार सिंह और कोतवाल गगन राज सिंह सहित क्राइम ब्रांच की टीम मौके पर पहुंच गई और मामले की जांच में जुट गई. फिलहाल इस घटना में गांव के ही तीन युवकों का नाम प्रकाश में आ रहा है. जिनकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम जुटी हुई है.

जानकारी के अनुसार झांसी गांव का निवासी वीरेंद्र पाल का पुत्र श्यामसुंदर पाल (19 वर्ष) मंगलवार को गांव के दक्षिण दिशा में खेत से काम करके वापस घर लौट रहा था. इसी बीच नहर के मुख्य माइनर पर बाइक सवार तीन युवकों ने श्याम सुंदर को रोक लिया और किसी बात को लेकर दोनों में विवाद होने लगा. बताया जा रहा है कि इसी बीच एक युवक ने श्याम सुंदर पर लक्ष्य साधते हुए तमंचे से फायर झोंक दिया. तमंचे से गोली चलने की वजह से श्याम सुंदर के पीठ में गहरा जख्म हो गया और जमीन पर गिर कर छटपटाने लगा. यह देख खेत में काम कर रहे आसपास के लोग मौके पर दौड़ पड़े. हालांकि आसपास के लोगों को मौके पर आते देख हौसला बुलंद बदमाश बाइक पर सवार होकर फरार हो गए. आननफानन में लोगों ने घायल श्यामसुंदर पाल को अपने साधन से वाराणसी स्थित एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया है. जहां उसकी हालत चिंताजनक बताई जा रही है. फिलहाल पुलिस टीम तीनों युवकों की तलाश में जुटी हुई है. वही पुलिस कई बिंदुओं पर मामले की जांच में जुटी हुई है.