बाबा कीनाराम के 427वें जन्मोत्सव पर उमड़ा आस्था का सैलाब, कांवरियों ने किया किनेश्वर महादेव का जलाभिषेक, सोहर-भजन और मानस पाठ से गूंजा मठ परिसर

81

बाबा कीनाराम के 427वें जन्मोत्सव पर उमड़ा आस्था का सैलाब, कांवरियों ने किया किनेश्वर महादेव का जलाभिषेक, सोहर-भजन और मानस पाठ से गूंजा मठ परिसर

चंदौली : रामगढ़ स्थित बाबा कीनाराम मठ में बाबा कीनाराम का 427वां जन्मोत्सव समारोह गुरुवार को आस्था और उल्लास के बीच शुरू हुआ। अलसुबह कांवरियों ने बलुआ स्थित पश्चिम वाहिनी गंगा तट से जल लाकर बाबा कीनाराम के जयकारों के बीच किनेश्वर महादेव का जलाभिषेक किया। इसके बाद बाबा कीनाराम का विधिवत पूजन-अर्चन और हवन किया गया। जन्मोत्सव के पहले दिन लाखों श्रद्धालुओं ने मठ पहुंचकर बाबा के दर्शन-पूजन किए और प्रसाद ग्रहण किया।

जलाभिषेक के बाद ग्रामीण महिलाओं ने महिला मंडल की अध्यक्ष रूबी सिंह के नेतृत्व में पारंपरिक सोहर गीत प्रस्तुत किए। सोहर गीत पर महिलाओं ने नृत्य कर वातावरण को भक्तिमय बना दिया। वहीं, सुबह आठ बजे से मुन्ना पांडेय, राकेश कुशवाहा, रोहित गुप्ता, अविनाश सिंह, राकेश तिवारी और परमानंद लाहणी ने मानस पाठ एवं सुंदरकांड का पाठ किया। क्षेत्रीय एवं दूर-दराज से आए भजन गायकों ने भी भजनों की प्रस्तुति से श्रद्धालुओं को भावविभोर कर दिया।

बाबा कीनाराम इंटर कॉलेज के सामने स्थित खेल मैदान में विशाल मेला लगाया गया। मेले में मिठाई, गुड़हिया जलेबी, पकौड़ी, चाट और महिलाओं के शृंगार की दुकानों के साथ बच्चों के मनोरंजन के लिए झूले, चरखी और खिलौनों की दुकानें सजाई गई थीं। श्रद्धालुओं और मेले में पहुंचे लोगों की भीड़ से पूरा क्षेत्र गुलजार रहा।

श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए प्रशासन ने सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए थे। उपजिलाधिकारी आकांक्षा सिंह, क्षेत्राधिकारी सकलडीहा तथा बलुआ थाना प्रभारी संतोष कुमार सिंह के नेतृत्व में पुलिस बल चप्पे-चप्पे पर तैनात रहा। यातायात व्यवस्था बनाए रखने के लिए वाहनों को मठ परिसर और मेला क्षेत्र से करीब एक किलोमीटर दूर रोकने की व्यवस्था की गई थी।

कलाकारों ने बांधा समां

बाबा कीनाराम इंटर कॉलेज रामगढ़ की छात्राओं ने सोहर गीत, शिव तांडव और भजन की मनमोहक प्रस्तुति दी। इसके अलावा भईया लाल, मंजीत लाल, राजेश उपाध्याय, किशन राय और सुमन अग्रहरि ने गजल एवं शास्त्रीय संगीत प्रस्तुत कर दर्शकों की खूब वाहवाही बटोरी।

गोष्ठी में समाज को सही दिशा देने पर जोर

जन्मोत्सव समारोह के दौरान आयोजित गोष्ठी में डॉ. अनिल यादव, डॉ. मधु सिंह, डॉ. रामसुधार सिंह और सूर्यनाथ सिंह ने बाबा कीनाराम की कृतियों और उनके सामाजिक संदेशों पर प्रकाश डाला। वक्ताओं ने कहा कि समाज में व्याप्त कुरीतियों को दूर करने के साथ लोगों को सदैव सही मार्ग पर चलने के लिए प्रेरित करना होगा, तभी समाज को सही दिशा मिल सकेगी।

कार्यक्रम में प्रभुनारायण सिंह लल्ला, मदनमोहन सिंह, प्रधान व्यवस्थापक अरुण सिंह, मेजर अशोक सिंह, डॉ. राजेंद्र प्रताप सिंह, सूर्यनाथ सिंह, संजय सिंह, विपिन सिंह, संतोष सिंह, समित सिंह, अरुण यादव, ऋषिकेश यादव, प्रवीण श्रीवास्तव, नंदू गुप्ता, दिनेश सोनकर, कुलदीप वर्मा, मुकेश साहनी, अर्पित पांडेय, त्रिभुवन सिंह, कमलेश दादा, दीना सिंह दादा, अभय यादव, उमेश कुशवाहा, रितेश शर्मा, किशन चौरसिया, पुरोहित देवदत्त पांडेय, अमृत पाठक, फग्गू पांडेय सहित बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे। संचालन धनंजय सिंह, राजेंद्र पांडेय और रितेश पांडेय ने संयुक्त रूप से किया।

बारिश ने बिगाड़ी मेले की रौनक

बाबा कीनाराम महोत्सव के पहले दिन बारिश ने मेले की रौनक कुछ फीकी कर दी। मेला स्थल के मैदान में पानी भरने से दुकानों के आसपास कीचड़ हो गया। सुबह से दोपहर करीब 12 बजे तक मेले में खूब चहल-पहल रही, लेकिन बारिश के बाद भीड़ कुछ कम हो गई। इसके बावजूद बाबा के दर्शन-पूजन के लिए श्रद्धालुओं का तांता लगा रहा। गौरतलब है कि वर्ष 2025 में भी बारिश के कारण मेले की रौनक प्रभावित हुई थी