डीएम का मानवीय चेहरा आया सामने, नौ माह की मासूम को गोद में उठाकर जाना हाल
चंदौली : बिछिया कला स्थित राजकीय बालगृह (शिशु) के निरीक्षण के दौरान सोमवार को जिलाधिकारी चन्द्र मोहन गर्ग का मानवीय चेहरा देखने को मिला। बालगृह में हाल ही में आई नौ माह की मासूम बच्ची को डीएम ने स्वयं गोद में उठाया और उसके स्वास्थ्य एवं देखभाल की जानकारी ली। उन्होंने बच्ची के प्रति आत्मीयता दिखाते हुए वहां मौजूद कर्मचारियों से उसके खान-पान और स्वास्थ्य संबंधी व्यवस्थाओं के बारे में जानकारी प्राप्त की।
जिलाधिकारी ने इसके बाद राजकीय बालगृह एवं राजकीय विशेषज्ञ दत्तक ग्रहण अभिकरण का औचक निरीक्षण किया। उन्होंने बालगृह में रह रहे बच्चों के खान-पान, स्वास्थ्य, साफ-सफाई और देखरेख की व्यवस्थाओं का बारीकी से जायजा लिया। साथ ही पंजीयन रजिस्टर का अवलोकन कर संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने बच्चों से आत्मीयता के साथ बातचीत की और उन्हें बिस्कुट व चिप्स वितरित किए। बच्चों के बीच कुछ समय बिताकर उन्होंने उनकी जरूरतों और समस्याओं की जानकारी भी ली। उन्होंने कहा कि बालगृह में रहने वाले बच्चों की बेहतर देखभाल, स्वास्थ्य, पोषण और सुरक्षा के साथ उनकी शिक्षा पर भी विशेष ध्यान दिया जाना चाहिए।
बच्चों की पढ़ाई के लिए पार्ट-टाइम शिक्षक नियुक्त करने के निर्देश
बच्चों के उज्ज्वल भविष्य को लेकर जिलाधिकारी ने मौके से ही जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी को फोन कर बालगृह में बच्चों की पढ़ाई के लिए पार्ट-टाइम शिक्षक नियुक्त करने का निर्देश दिया। उन्होंने स्पष्ट किया कि बच्चों की शिक्षा में किसी तरह की बाधा नहीं आनी चाहिए और उन्हें बेहतर शैक्षणिक माहौल उपलब्ध कराया जाए।
डीएम ने संबंधित अधिकारियों को बालगृह की व्यवस्थाओं में निरंतर सुधार और बच्चों की जरूरतों का संवेदनशीलता के साथ ध्यान रखने के निर्देश दिए। इस दौरान जिला प्रोबेशन अधिकारी प्रभात कुमार सहित संबंधित विभागीय अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।


















