अवैध शराब बरामदगी में उत्कृष्ट कार्रवाई, पुलिस टीम को मिला 10 हजार का पुरस्कार, DFCCIL के मुख्य महाप्रबंधक ने थानाध्यक्ष अशोक कुमार मिश्रा समेत रेलवे पुलिस टीम को किया सम्मानित
चंदौली : अवैध शराब की तस्करी के खिलाफ की गई प्रभावी कार्रवाई के लिए थाना सैयदराजा पुलिस और रेलवे पुलिस टीम को सम्मानित किया गया। पूर्वी डीएफसीसी, पंडित दीनदयाल नगर के मुख्य महाप्रबंधक अतुल कुमार ने शनिवार को थानाध्यक्ष अशोक कुमार मिश्रा समेत पुलिस टीम को उत्कृष्ट कार्य के लिए कुल 10 हजार रुपये का नगद पुरस्कार प्रदान किया।
पुलिस के अनुसार, उच्चाधिकारियों के निर्देशन में 18 मई 2026 को थाना सैयदराजा पुलिस और आरपीएफ की संयुक्त टीम ने नौबतपुर अंडरपास के समीप DFCCIL DN लाइन के किलोमीटर संख्या 93/32 से 93/34 के बीच कार्रवाई की थी। इस दौरान रेलवे लाइन के पास से भारी मात्रा में अवैध देशी शराब और बीयर बरामद की गई।
बरामद शराब में ब्ल्यू लाइम देशी मसाला की 28 पेटियां शामिल थीं। प्रत्येक पेटी में 45 पैकेट के हिसाब से कुल 1,260 पैकेट, प्रत्येक 200 एमएल, यानी कुल 252 लीटर देशी शराब बरामद हुई। इसके अलावा किंगफिशर बीयर की 37 पेटियां भी मिलीं। प्रत्येक पेटी में 24 केन के हिसाब से कुल 888 केन, प्रत्येक 500 एमएल, यानी कुल 444 लीटर बीयर बरामद की गई।
इस मामले में थाना सैयदराजा में मु.अ.सं. 155/2026, धारा 60 आबकारी अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज किया गया था। पुलिस टीम की इस सफल कार्रवाई को देखते हुए पूर्वी डीएफसीसी के मुख्य महाप्रबंधक अतुल कुमार ने 4 सितंबर 2026 को थानाध्यक्ष अशोक कुमार मिश्रा और रेलवे पुलिस टीम को नगद पुरस्कार देकर सम्मानित किया।
सम्मान मिलने पर पुलिस अधिकारियों ने टीम के सदस्यों की सराहना करते हुए कहा कि इस तरह की संयुक्त कार्रवाई से अवैध शराब की तस्करी पर प्रभावी अंकुश लगाने में मदद मिलेगी।


















