किसानों की फसल क्षति का मुआवजा दिलाने समेत जनसमस्याओं के समाधान की मांग, सकलडीहा विधायक ने एसडीएम को सौंपा ज्ञापन, जल निकासी और विद्युत व्यवस्था दुरुस्त कराने की उठाई आवाज
चंदौली : सकलडीहा क्षेत्र में बारिश के चलते किसानों की फसलों को हुए नुकसान समेत विभिन्न जनसमस्याओं के समाधान की मांग को लेकर समाजवादी पार्टी के सकलडीहा विधायक प्रभु नारायण सिंह यादव ने शनिवार को उपजिलाधिकारी सकलडीहा आकांक्षा सिंह को ज्ञापन सौंपा। विधायक ने किसानों को फसल क्षति का उचित मुआवजा दिलाने के साथ ही जल निकासी की समुचित व्यवस्था कराने, नालियों की सफाई और विद्युत व्यवस्था को दुरुस्त कराने की मांग की।
विधायक ने कहा कि लगातार बारिश के कारण क्षेत्र के कई स्थानों पर किसानों के खेतों में पानी भर गया है, जिससे फसलों को नुकसान पहुंचा है। उन्होंने प्रभावित किसानों को नियमानुसार मुआवजा दिलाने और जलभराव की समस्या के स्थायी समाधान की मांग की। इसके अलावा लोक निर्माण विभाग से संबंधित समस्याओं का भी तत्काल निस्तारण कराने की बात कही।
इस दौरान विधायक प्रभु नारायण सिंह यादव ने कहा कि जनता की समस्याओं का समाधान और क्षेत्र का विकास उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता है। जनहित से जुड़े मुद्दों को लेकर वह हर स्तर पर मजबूती से आवाज उठाते रहेंगे और लोगों को किसी प्रकार की परेशानी न हो, इसके लिए लगातार प्रयास किया जाएगा।
वहीं, एसडीएम आकांक्षा सिंह ने बताया कि विधायक की ओर से किसानों और क्षेत्र की अन्य समस्याओं को लेकर लिखित ज्ञापन दिया गया है। उन्होंने कहा कि बारिश के कारण कई स्थानों पर किसानों के खेतों में पानी भरने की शिकायत मिली है। इसके अलावा कुछ समस्याएं लोक निर्माण विभाग से संबंधित भी हैं। संबंधित विभागों को आवश्यक दिशा-निर्देश दे दिए गए हैं।
एसडीएम ने बताया कि समस्याओं के स्थलीय सत्यापन और निस्तारण के लिए एक टीम गठित की जा रही है, जो मौके पर जाकर स्थिति का जायजा लेगी और आवश्यक कार्रवाई करेगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि जनसमस्याओं के निस्तारण में किसी भी स्तर पर लापरवाही मिलने पर संबंधित विभाग के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।


















