बलुआ थाने पहुंचे एसपी, व्यवस्थाओं का लिया जायजा, पुलिसकर्मियों को दिए जरूरी निर्देश
चंदौली : पुलिस अधीक्षक आकाश पटेल ने मंगलवार को थाना बलुआ का औचक निरीक्षण किया। उन्होंने थाने की साफ-सफाई, कार्यालय, मिशन शक्ति केंद्र, मालखाना, हवालात, मेस और बैरक का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने थाने के विभिन्न अभिलेखों की भी जांच की और उन्हें समय से दुरुस्त रखने के निर्देश दिए।
एसपी ने थाने पर आने वाले फरियादियों की शिकायतों को गंभीरता से सुनने और उनका समयबद्ध निस्तारण करने को कहा। उन्होंने महिला सुरक्षा को लेकर मिशन शक्ति केंद्र पर तैनात महिला पुलिसकर्मियों को शिकायतों पर तत्काल कार्रवाई करने और पीड़ितों से फीडबैक लेने के निर्देश दिए।
उन्होंने क्षेत्र में कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए संवेदनशील स्थानों, चौराहों और बाजारों में नियमित गश्त करने तथा संदिग्ध लोगों और वाहनों की जांच बढ़ाने को कहा। लंबित विवेचनाओं को जल्द पूरा करने, वांछित और वारंटी अभियुक्तों की गिरफ्तारी करने के साथ मालखाने में लंबित मामलों के निस्तारण की कार्रवाई तेज करने के निर्देश दिए।
पुलिस अधीक्षक ने पुलिसकर्मियों को ड्यूटी के दौरान अनुशासन बनाए रखने और आम लोगों के साथ शालीन व्यवहार करने की हिदायत दी। उन्होंने ‘यक्ष ऐप’ के शत-प्रतिशत इस्तेमाल पर जोर देते हुए बीट पुलिसकर्मियों और थाना प्रभारी को गांवों, मोहल्लों, संवेदनशील स्थानों और सीसीटीवी कैमरों की जियो-टैगिंग जल्द पूरी करने के निर्देश दिए। साथ ही अपराधियों का भौतिक सत्यापन भी समय से पूरा करने को कहा।


















