बाढ़ से तबाह फसलों का तत्काल सर्वे कराएं, किसानों को मिले मुआवजा : राणा प्रताप सिंह
चंदौली : जनपद में गंगा नदी के बढ़ते जलस्तर और बाढ़ एवं जलभराव की स्थिति को देखते हुए भारतीय जिला पार्टी के पूर्व जिलाध्यक्ष राणा प्रताप सिंह ने जिलाधिकारी को पत्र भेजकर करीब 40 बाढ़ प्रभावित गांवों में तत्काल फसल क्षति का सर्वे कराने की मांग की है। उन्होंने प्रभावित किसानों को फसल बीमा योजना सहित शासन की अन्य राहत योजनाओं का लाभ दिलाने की मांग उठाई है।
जिलाधिकारी को भेजे पत्र में राणा प्रताप सिंह ने कहा कि बाढ़ एवं जलभराव के कारण कई गांवों में किसानों की खड़ी फसलों को व्यापक नुकसान पहुंचा है। कृषि पर निर्भर किसानों के सामने फसल बर्बाद होने से गंभीर आर्थिक संकट खड़ा हो गया है। ऐसे में क्षति का समयबद्ध आकलन कर प्रभावित किसानों को राहत एवं मुआवजा उपलब्ध कराया जाना जरूरी है।
उन्होंने राजस्व विभाग, कृषि विभाग और संबंधित अधिकारियों की संयुक्त टीम गठित कर करीब 40 बाढ़ प्रभावित गांवों का ग्रामवार और किसानवार सर्वेक्षण कराने की मांग की। साथ ही वास्तविक फसल क्षति की रिपोर्ट शीघ्र तैयार कर नियमानुसार मुआवजा एवं राहत राशि का भुगतान सुनिश्चित करने की बात कही।
राणा प्रताप सिंह ने पात्र एवं बीमित किसानों को प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना तथा अन्य लागू फसल बीमा योजनाओं का लाभ दिलाने और बीमा दावों के शीघ्र निस्तारण की मांग की। उन्होंने राजस्व विभाग, कृषि विभाग, बीमा कंपनियों और बैंकों के बीच समन्वय स्थापित कर किसानों को अनावश्यक भागदौड़ और देरी से बचाने का भी आग्रह किया।
उन्होंने कहा कि गंगा का जलस्तर तेजी से बढ़ने के कारण तटवर्ती क्षेत्रों में बाढ़ का खतरा बना हुआ है। ऐसे में प्रशासन को स्थिति की गंभीरता को देखते हुए तत्काल कार्रवाई करनी चाहिए, ताकि प्रभावित किसानों और उनके परिवारों को समय रहते आवश्यक राहत मिल सके।


















