15 हजार से अधिक बहनों ने विधायक सुशील सिंह को बांधी राखी, सुरक्षा का लिया संकल्प
चंदौली : धानापुर स्थित अमर वीर इंटर कॉलेज के खेल मैदान में रविवार को सैयदराजा विधायक सुशील सिंह की ओर से भव्य रक्षाबंधन समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में विधानसभा क्षेत्र के विभिन्न गांवों से पहुंचीं 15 हजार से अधिक महिलाओं ने विधायक सुशील सिंह को रक्षा सूत्र बांधकर उन्हें अपना भाई बनाया। विशाल संख्या में पहुंची महिलाओं से पूरा परिसर रक्षाबंधन के उल्लास से सराबोर नजर आया।
इस अवसर पर विधायक सुशील सिंह ने कहा कि सैयदराजा विधानसभा क्षेत्र की प्रत्येक महिला और बहन की सुरक्षा, सम्मान और स्वाभिमान उनकी प्राथमिक जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि वह क्षेत्र की हर बहन के भाई हैं और उनकी सुरक्षा के लिए सदैव खड़े रहेंगे। महिलाओं की सुरक्षा में किसी भी प्रकार की कमी नहीं होने दी जाएगी।
समारोह में प्रदेश सरकार के राज्य मंत्री दयाशंकर मिश्र ‘दयालु गुरु’ और राज्यसभा सांसद दर्शना सिंह भी पहुंचीं। राज्य मंत्री ने कहा कि केंद्र और प्रदेश सरकार महिलाओं को स्वावलंबी बनाने के साथ उनकी सुरक्षा और सम्मान के लिए कई योजनाएं संचालित कर रही है। उन्होंने कहा कि रक्षाबंधन जैसे आयोजन समाज में भाई-बहन के पवित्र रिश्ते और आपसी विश्वास को मजबूत करते हैं।
राज्यसभा सांसद दर्शना सिंह ने कहा कि रक्षाबंधन प्रेम, विश्वास और भाई-बहन के पवित्र रिश्ते का पर्व है। महिलाओं ने विधायक सुशील सिंह को रक्षा सूत्र बांधकर उन्हें भाई का दर्जा दिया है। यह आयोजन महिला सम्मान और सुरक्षा का संदेश देने वाला है।

कार्यक्रम के दौरान विधायक सुशील सिंह ने बड़ी संख्या में महिलाओं से राखी बंधवाई और उन्हें उपहार देकर विदा किया। आयोजन में महिलाओं में खासा उत्साह देखने को मिला। इस दौरान सुरक्षा व्यवस्था के भी पुख्ता इंतजाम किए गए थे।
इस दौरान ब्लॉक प्रमुख महेंद्र सिंह, ब्लॉक प्रमुख अजय सिंह, ब्लॉक प्रमुख अवधेश सिंह, भगवती तिवारी, मृत्युंजय सिंह ‘दीपू’, चेयरमैन आभा जायसवाल, प्रधान राजेश सिंह, प्रधान रामप्रवेश त्रिपाठी, भाजयुमो जिलाध्यक्ष आशीष सिंह रघुवंशी, विपिन राय, विधायक प्रतिनिधि अजय सिंह उर्फ अन्नू सिंह सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, कार्यकर्ता और गणमान्य लोग मौजूद रहे।


















