गोबर फेंकने को लेकर विवाद, लाठी-डंडे व धारदार हथियार से हमला करने का आरोप

114

गोबर फेंकने को लेकर विवाद, लाठी-डंडे व धारदार हथियार से हमला करने का आरोप

चंदौली : थाना धानापुर क्षेत्र के किशुनपुरा गांव में जमीन पर गोबर फेंकने को लेकर दो पक्षों के बीच विवाद हो गया। आरोप है कि विवाद के दौरान एक पक्ष के लोगों ने लाठी-डंडे और धारदार हथियार से हमला कर कई लोगों को घायल कर दिया। मामले में पीड़ित ने थाने में तहरीर देकर आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।

किशुनपुरा निवासी शिवमूरत यादव ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि 30 अगस्त की सुबह करीब नौ बजे उनके भतीजे घनश्याम, डिम्पल और घनश्याम की पत्नी प्रिया अपनी जमीन पर गोबर फेंकने गए थे। आरोप है कि इसी दौरान गांव के रामनगीना, आशुतोष, अनिल और प्रियांशु ने उन्हें गोबर फेंकने से मना किया। इसी बात को लेकर कहासुनी शुरू हो गई।

पीड़ित का आरोप है कि विरोध करने पर विपक्षी पक्ष के लोगों ने गाली-गलौज शुरू कर दी। मना करने पर लाठी-डंडे और धारदार हथियार से हमला कर दिया गया। मारपीट में घनश्याम, डिम्पल, प्रिया और शिवमूरत यादव को चोटें आई हैं। पीड़ित ने आरोप लगाया कि हमलावरों ने जान से मारने की कोशिश की।

शिवमूरत यादव ने थानाध्यक्ष धानापुर को तहरीर देकर मामले की जांच कर आरोपियों के खिलाफ उचित कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।