छात्राओं ने पुलिस अधीक्षक को बांधी राखी, सुरक्षा और सम्मान का मिला भरोसा
चंदौली : आगामी रक्षाबंधन पर्व के मद्देनजर विद्यालय की छात्राओं ने गुरुवार को पुलिस अधीक्षक चंदौली आकाश पटेल से शिष्टाचार भेंट की। इस दौरान छात्राओं ने पुलिस अधीक्षक की कलाई पर राखी बांधकर रक्षाबंधन की शुभकामनाएं दीं। छात्राओं के इस आत्मीय स्नेह से माहौल भावुक और खुशनुमा हो गया।
राखी बांधते हुए छात्राओं ने भाई-बहन के प्रेम, विश्वास, स्नेह और सुरक्षा के प्रतीक रक्षाबंधन की भावनाओं को व्यक्त किया। पुलिस अधीक्षक आकाश पटेल ने सभी छात्राओं को पर्व की हार्दिक शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की और उन्हें आशीर्वाद दिया।
पुलिस अधीक्षक ने छात्राओं से संवाद करते हुए कहा कि चंदौली पुलिस महिलाओं और बालिकाओं की सुरक्षा, सम्मान एवं अधिकारों को लेकर पूरी तरह संवेदनशील है। किसी भी प्रकार की समस्या, असुरक्षा या उत्पीड़न की स्थिति में बालिकाएं बिना किसी संकोच के पुलिस से संपर्क करें। उनकी सहायता और सुरक्षा के लिए पुलिस सदैव तत्पर है।
उन्होंने छात्राओं को शिक्षा के क्षेत्र में निरंतर आगे बढ़ने और अपने लक्ष्य के प्रति समर्पित रहने के लिए प्रेरित किया। कहा कि बेटियां समाज की शक्ति हैं और उनकी सुरक्षा व सम्मान सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है।
रक्षाबंधन के अवसर पर आयोजित यह आत्मीय कार्यक्रम पुलिस और समाज के बीच विश्वास, अपनत्व और संवेदनशील संबंधों को मजबूत करने वाला रहा। कार्यक्रम ने बालिकाओं में सुरक्षा के प्रति भरोसा भी बढ़ाया।


















