संदिग्ध परिस्थितियों में ग्राम प्रधान के पुत्र ने खुद को मारी गोली, हालत गंभीर
चंदौली : शहाबगंज थाना क्षेत्र के उदयपुरा गांव में गुरुवार को उस समय हड़कंप मच गया, जब ग्राम प्रधान के पुत्र ने संदिग्ध परिस्थितियों में खुद को गोली मार ली। गोली लगने से गंभीर रूप से घायल युवक को परिजनों ने आनन-फानन में वाराणसी स्थित ट्रामा सेंटर में भर्ती कराया, जहां उसकी हालत नाजुक बताई जा रही है। घटना के बाद गांव में तरह-तरह की चर्चाएं होती रहीं।
बताया जाता है कि उदयपुरा गांव के ग्राम प्रधान अशोक सिंह का पुत्र शिवम उर्फ उत्कर्ष गुरुवार को घर में मौजूद था। इसी दौरान अचानक गोली चलने की आवाज सुनाई दी। आवाज सुनकर परिजन मौके पर पहुंचे तो शिवम घायल अवस्था में पड़ा मिला। उसके सीने के बाईं तरफ गोली लगी थी। घटना के बाद परिजनों में चीख-पुकार मच गई।
आसपास के लोगों की भी मौके पर भीड़ जुट गई। परिजनों ने बिना देर किए घायल युवक को उपचार के लिए वाराणसी ट्रामा सेंटर पहुंचाया, जहां चिकित्सकों की निगरानी में उसका इलाज चल रहा है और उसकी स्थिति गंभीर बताई जा रही है।
घटना की सूचना मिलते ही शहाबगंज पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण करने के साथ ही परिजनों और आसपास के लोगों से घटना के संबंध में जानकारी ली। पुलिस गोली चलने के कारणों और पूरे घटनाक्रम की जांच में जुटी है।
इस संबंध में सीओ अजीत कुमार चौहान ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। घायल युवक को परिजनों द्वारा वाराणसी स्थित ट्रामा सेंटर में भर्ती कराया गया है, जहां उसका उपचार चल रहा है। जांच के बाद ही घटना के कारणों की स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।


















