मंदिर से मां दुर्गा का चांदी का मुकुट और घंटे-घड़ियाल चोरी, ग्रामीणों में आक्रोश
चंदौली : बलुआ थाना क्षेत्र के ककरहटी (मोहरगंज) गांव स्थित करीब 30 वर्ष पुराने मंदिर में चोरों ने सेंध लगाकर आदिशक्ति मां दुर्गा की प्रतिमा का चांदी का मुकुट समेत मंदिर में लगे घंटे-घड़ियाल चोरी कर लिए। घटना की जानकारी बुधवार सुबह मंदिर पहुंचे ग्रामीणों को हुई तो क्षेत्र में हड़कंप मच गया। धार्मिक स्थल में चोरी की घटना से ग्रामीणों में आक्रोश व्याप्त है।
बताया जा रहा है कि मंगलवार की देर रात चोर मंदिर को निशाना बनाकर मां दुर्गा की प्रतिमा पर चढ़ा चांदी का मुकुट और मंदिर में लगे घंटे-घड़ियाल सहित अन्य सामान लेकर फरार हो गए। सुबह मंदिर में चोरी की जानकारी होते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। ग्रामीणों ने घटना को लेकर नाराजगी जताते हुए जल्द से जल्द चोरों की गिरफ्तारी की मांग की।
ग्रामीणों का कहना है कि क्षेत्र में लगातार चोरी की घटनाओं से लोगों में भय का माहौल बनता जा रहा है। अब धार्मिक स्थल भी चोरों के निशाने पर आ गए हैं। मंदिर में स्थापित मां दुर्गा की प्रतिमा से चांदी का मुकुट चोरी होने से श्रद्धालुओं की भावनाएं भी आहत हुई हैं।
ग्रामीणों ने प्रशासन से मामले को गंभीरता से लेते हुए चोरी की घटना का शीघ्र खुलासा करने, आरोपियों को गिरफ्तार करने और चोरी का सामान बरामद करने की मांग की है। साथ ही क्षेत्र में पुलिस गश्त बढ़ाने तथा प्रमुख धार्मिक स्थलों की सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग भी उठाई है।
ग्रामीणों ने चेतावनी दी कि यदि क्षेत्र में चोरी की घटनाओं पर प्रभावी अंकुश नहीं लगाया गया तो लोगों में असुरक्षा की भावना और बढ़ेगी। उन्होंने पुलिस-प्रशासन से जल्द कार्रवाई कर आमजन में सुरक्षा का भरोसा कायम करने की मांग की है।


















