बेसिक शिक्षकों-रसोइयों को योगी सरकार की बड़ी सौगात, 5 लाख तक कैशलेस इलाज और रसोइयों का मानदेय हुआ 3 हजार
चंदौली : उत्तर प्रदेश सरकार ने बेसिक शिक्षा विभाग से जुड़े शिक्षकों, कर्मचारियों और पीएम पोषण योजना के तहत कार्यरत रसोइयों को बड़ी राहत दी है। अब अध्यापकों, शिक्षामित्रों, अनुदेशकों, कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय के कर्मियों और रसोइयों को सरकारी अस्पतालों के साथ संबद्ध निजी अस्पतालों में भी प्रतिवर्ष पांच लाख रुपये तक का निःशुल्क कैशलेस उपचार मिल सकेगा। हालांकि, जो कर्मचारी पहले से आयुष्मान भारत अथवा किसी अन्य सरकारी स्वास्थ्य योजना से आच्छादित हैं, उन्हें इस सुविधा का दोहरा लाभ नहीं मिलेगा।
रविवार को कलेक्ट्रेट परिसर में आयोजित जनपद स्तरीय कार्यक्रम में इस फैसले को लेकर बेसिक शिक्षकों और रसोइयों में खासा उत्साह देखने को मिला। कार्यक्रम की अध्यक्षता राज्यसभा सांसद दर्शना सिंह ने की। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में प्रदेश सरकार समाज के प्रत्येक वर्ग के कल्याण और उत्थान के लिए लगातार काम कर रही है। विद्यालयों की रसोई संभालने वाली रसोइया बहनें बच्चों के पोषण और स्वास्थ्य की महत्वपूर्ण कड़ी हैं। उनके मानदेय में एक हजार रुपये की वृद्धि कर इसे 2,000 से बढ़ाकर 3,000 रुपये प्रतिमाह किया जाना उनके परिश्रम और समर्पण का सम्मान है।
उन्होंने कहा कि डिजिटल स्वास्थ्य कार्ड मिलने से रसोइयों को बेहतर और सुलभ स्वास्थ्य सुविधाएं प्राप्त होंगी। सरकार की प्राथमिकता है कि जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे।
कार्यक्रम में बताया गया कि चन्दौली में पीएम पोषण योजना के तहत 1,267 विद्यालय आच्छादित हैं, जहां 3,851 रसोइये कार्यरत हैं। रसोइयों के मानदेय में समय-समय पर वृद्धि की गई है। वर्ष 2010 में एक हजार रुपये से शुरू हुआ मानदेय मार्च 2019 में 1,500 रुपये और अप्रैल 2022 में बढ़कर 2,000 रुपये प्रतिमाह हुआ था। अब इसे बढ़ाकर 3,000 रुपये प्रतिमाह कर दिया गया है। इसके अलावा ड्रेस, यूनिफॉर्म, एप्रन, दस्ताने और टोपी आदि के लिए मिलने वाली राशि भी 500 रुपये से बढ़ाकर 1,000 रुपये कर दी गई है।
सैयदराजा विधायक सुशील सिंह ने सरकार की जनकल्याणकारी नीतियों और कर्मचारी हित में लिए गए फैसलों की सराहना की। कार्यक्रम के दौरान जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों और कर्मचारियों ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के लाइव संबोधन को देखा और सुना।
इस अवसर पर जिला पंचायत सदस्य दिलीप सोनकर, मुख्य विकास अधिकारी आर. जगत साई, जिला विद्यालय निरीक्षक, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी सचिन कुमार समेत अन्य अधिकारी, जनप्रतिनिधि, शिक्षक और रसोइये मौजूद रहे। डिजिटल स्वास्थ्य कार्ड और बढ़े हुए मानदेय की घोषणा पर रसोइयों ने सरकार के प्रति आभार जताया।


















