प्रभारी मंत्री ने वृद्धाश्रम का किया औचक निरीक्षण, बुजुर्गों का जाना हाल, अधिकारियों को नियमित भ्रमण, स्वास्थ्य परीक्षण और बेहतर व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश

28

प्रभारी मंत्री ने वृद्धाश्रम का किया औचक निरीक्षण, बुजुर्गों का जाना हाल, अधिकारियों को नियमित भ्रमण, स्वास्थ्य परीक्षण और बेहतर व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश

चंदौली : उत्तर प्रदेश सरकार के समाज कल्याण, अनुसूचित जाति एवं जनजाति कल्याण राज्य मंत्री एवं चंदौली जिले के प्रभारी मंत्री संजीव कुमार गोंड ने शुक्रवार को अपने एक दिवसीय जनपद भ्रमण के दौरान मद्धूपुर स्थित वृद्धाश्रम का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने आश्रम में रह रहे बुजुर्गों से मुलाकात कर उनका कुशलक्षेम जाना और फल वितरित किए।

प्रभारी मंत्री ने वृद्धाश्रम में साफ-सफाई, भोजन व्यवस्था, आवासीय सुविधाओं सहित अन्य व्यवस्थाओं का बारीकी से जायजा लिया। उन्होंने बुजुर्गों के साथ समय बिताकर उनसे बातचीत की और आश्रम में मिल रही सुविधाओं के संबंध में सीधे उनका फीडबैक लिया।

निरीक्षण के दौरान प्रभारी मंत्री ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि वृद्धाश्रम में रहने वाले बुजुर्गों को किसी भी प्रकार की असुविधा नहीं होनी चाहिए। विभागीय अधिकारी नियमित रूप से वृद्धाश्रम का भ्रमण कर व्यवस्थाओं की समीक्षा करें और कमियों को तत्काल दूर कराएं। उन्होंने बुजुर्गों के लिए नियमित अंतराल पर नि:शुल्क स्वास्थ्य जांच एवं चिकित्सा परीक्षण शिविर आयोजित कराने के भी निर्देश दिए।

मंत्री ने कहा कि वृद्धजनों को गुणवत्तापूर्ण एवं पौष्टिक भोजन उपलब्ध कराने के साथ ही आश्रम परिसर में स्वच्छता का विशेष ध्यान रखा जाए। आवास, भोजन और स्वास्थ्य सुविधाओं में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

उन्होंने कहा कि बुजुर्ग समाज की धरोहर हैं और उनकी सेवा एवं सम्मान करना सरकार की प्राथमिकता है। प्रदेश सरकार वृद्धजनों के कल्याण और उन्हें बेहतर जीवन सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। अधिकारियों को निर्देशित किया गया है कि वे समय-समय पर आश्रम का स्वयं निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लें।

निरीक्षण के दौरान जनप्रतिनिधिगण, मुख्य विकास अधिकारी जगत साईं सहित संबंधित विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।