परिषदीय विद्यालयों में अफसरों ने परखी पढ़ाई और मिड-डे मील की गुणवत्ता, क्लासरूम में बच्चों से पूछे सवाल, स्वच्छता व्यवस्था का लिया जायजा, बच्चों के साथ बैठकर अधिकारियों ने चखा मध्याह्न भोजन
चन्दौली : जिलाधिकारी चंद्र मोहन गर्ग के निर्देश पर शुक्रवार को जनपद के प्राथमिक एवं उच्च प्राथमिक परिषदीय विद्यालयों में विशेष औचक निरीक्षण अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी सचिन कुमार समेत सभी खंड शिक्षा अधिकारियों ने विद्यालयों में शैक्षणिक गुणवत्ता, साफ-सफाई, पेयजल व्यवस्था और मध्याह्न भोजन की जमीनी हकीकत परखी। अधिकारियों के अचानक विद्यालय पहुंचने से शिक्षकों और कर्मचारियों में भी सक्रियता देखने को मिली।
जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी सचिन कुमार ने कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय, नियामताबाद तथा पीएम श्री कम्पोजिट विद्यालय, जफरपुर का निरीक्षण किया। वहीं, सभी बीईओ ने अपने-अपने विकासखंडों में विभिन्न विद्यालयों का औचक निरीक्षण कर व्यवस्थाओं की पड़ताल की।
कक्षाओं में पहुंचकर परखी बच्चों की शैक्षणिक दक्षता
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने कक्षाओं में पहुंचकर छात्र-छात्राओं से हिंदी, गणित और सामान्य ज्ञान से संबंधित सवाल पूछे। बच्चों के उत्तरों के आधार पर उनके शैक्षणिक स्तर का आकलन किया गया। अधिकारियों ने निपुण भारत मिशन के निर्धारित लक्ष्यों की प्रगति, शिक्षकों की शिक्षण शैली और कक्षा में पढ़ाई के माहौल को भी बारीकी से देखा। शिक्षकों को बच्चों की समझ के अनुरूप प्रभावी एवं गुणवत्तापूर्ण शिक्षण पर जोर देने के निर्देश दिए गए।
स्वच्छता व्यवस्था पर विशेष जोर
अधिकारियों ने विद्यालय परिसर, कक्षाओं, पेयजल स्थलों और शौचालयों का भी निरीक्षण किया। साफ-सफाई में किसी प्रकार की लापरवाही न बरतने तथा नियमित रूप से स्वच्छता व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। साथ ही रसोईघर और खाद्यान्न भंडारण की व्यवस्था को भी देखा गया।
बच्चों के साथ बैठकर चखा मिड-डे मील
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने बच्चों के साथ पंक्ति में बैठकर मध्याह्न भोजन ग्रहण किया। उन्होंने भोजन की गुणवत्ता, स्वाद और पौष्टिकता की जांच की तथा मीनू के अनुसार भोजन उपलब्ध कराए जाने की जानकारी ली। भोजन की व्यवस्था पर संतोष जताते हुए अधिकारियों ने प्रधानाध्यापकों और रसोइयों को खाद्यान्न के सुरक्षित रखरखाव, स्वच्छता तथा भोजन की गुणवत्ता पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए।
जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी सचिन कुमार ने कहा कि निरीक्षण अभियान का उद्देश्य विद्यालयों में बेहतर पठन-पाठन का वातावरण तैयार करना, बच्चों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराना और विद्यालय परिसर में स्वच्छता एवं अन्य मूलभूत सुविधाओं को सुनिश्चित करना है। उन्होंने कहा कि बच्चों के हित से जुड़ी व्यवस्थाओं में किसी भी स्तर पर लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी।


















