मवैया में तिरंगा यात्रा से गूंजा गांव, देशभक्ति के रंग में रंगे बच्चे और ग्रामीण
चंदौली : आजादी के अमृत महोत्सव के अंतर्गत चकिया क्षेत्र के मवैया ग्राम सभा में गुरुवार को भव्य तिरंगा यात्रा का आयोजन किया गया। प्रधान प्रतिनिधि आशुतोष जायसवाल के नेतृत्व में निकली इस यात्रा में उच्च प्राथमिक विद्यालय मुवईया के छात्र-छात्राओं सहित बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
हाथों में तिरंगा लेकर सैकड़ों की संख्या में बच्चे और ग्रामीण देशभक्ति के नारों के साथ पूरे गांव में भ्रमण करते रहे। यात्रा के दौरान वातावरण भारत माता की जय और वंदे मातरम् के नारों से गूंजता रहा। जुलूस के आगे स्कूली बच्चे बड़ा बैनर लेकर चल रहे थे, जिस पर ‘तिरंगा यात्रा’ तथा ‘हमारा तिरंगा, हमारी शान, हमारा अभिमान’ जैसे देशभक्ति से ओत-प्रोत स्लोगन लिखे थे।
तिरंगा यात्रा में स्कूली छात्राओं द्वारा भारत माता का स्वरूप धारण करना विशेष आकर्षण का केंद्र रहा। ग्रामीणों ने भी उत्साह के साथ यात्रा में सहभागिता कर बच्चों का हौसला बढ़ाया। पूरे गांव में तिरंगे की शान और देशभक्ति का माहौल देखने को मिला।
इस अवसर पर प्रधान प्रतिनिधि आशुतोष जायसवाल ने कहा कि तिरंगा यात्रा का उद्देश्य ग्रामीणों और नई पीढ़ी में राष्ट्रप्रेम, देशभक्ति तथा राष्ट्रीय ध्वज के प्रति सम्मान की भावना को और मजबूत करना है। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजनों से बच्चों में देश के प्रति जिम्मेदारी और गौरव की भावना विकसित होती है।
भव्य तिरंगा यात्रा ने मवैया ग्राम सभा में एकता, राष्ट्रप्रेम और देशभक्ति का संदेश दिया। आयोजन के बाद ग्रामीणों ने राष्ट्रीय ध्वज के सम्मान और देश की एकता-अखंडता को बनाए रखने का संकल्प भी लिया।


















