चंदौली में तिरंगा यात्रा में उमड़ा जनसैलाब, डीएम-एसपी ने दिखाई हरी झंडी
चंदौली : आजादी के 80वें वर्ष के उपलक्ष्य में गुरुवार को चंदौली में जिला प्रशासन और पुलिस विभाग के संयुक्त तत्वावधान में भव्य तिरंगा यात्रा निकाली गई। महेंद्र टेक्निकल इंटर कॉलेज परिसर से जिलाधिकारी चंद्र मोहन गर्ग और पुलिस अधीक्षक आकाश पटेल ने संयुक्त रूप से तिरंगा लहराकर एवं हरी झंडी दिखाकर यात्रा को रवाना किया। यात्रा में बड़ी संख्या में स्कूली छात्र-छात्राओं, पुलिसकर्मियों, प्रशासनिक अधिकारियों, शिक्षकों और नगरवासियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
हाथों में तिरंगा थामे लोगों का कारवां जब नगर के मुख्य मार्गों से गुजरा तो पूरा वातावरण देशभक्ति के रंग में रंग गया। ‘भारत माता की जय’ और ‘वंदे मातरम’ के जयघोष से नगर का माहौल गुंजायमान हो उठा। तिरंगा यात्रा महेंद्र टेक्निकल इंटर कॉलेज से शुरू होकर नगर के प्रमुख बाजारों से गुजरते हुए वापस निर्धारित स्थल पर पहुंचकर संपन्न हुई।
इस अवसर पर जिलाधिकारी चंद्र मोहन गर्ग ने कहा कि तिरंगा देश की आन, बान और शान का प्रतीक है। तिरंगा यात्रा का उद्देश्य प्रत्येक नागरिक के मन में राष्ट्रप्रेम और देशभक्ति की भावना को और मजबूत करना तथा राष्ट्रीय ध्वज के प्रति सम्मान की भावना को बढ़ावा देना है। उन्होंने युवाओं से देश के गौरवशाली इतिहास और वीर शहीदों के बलिदान से प्रेरणा लेकर राष्ट्र निर्माण में योगदान देने का आह्वान किया।
पुलिस अधीक्षक आकाश पटेल ने कहा कि तिरंगा यात्रा समाज में एकता, शांति और आपसी सौहार्द का संदेश देती है। पुलिस जनता की सुरक्षा के साथ-साथ राष्ट्रहित से जुड़े आयोजनों में भी पूरी प्रतिबद्धता के साथ सहभागिता करती है। ऐसे आयोजन पुलिस और आमजन के बीच बेहतर समन्वय एवं विश्वास को मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
तिरंगा यात्रा को लेकर पुलिस प्रशासन की ओर से सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए थे। प्रमुख मार्गों और भीड़भाड़ वाले स्थानों पर पुलिसकर्मियों की तैनाती रही। कार्यक्रम के दौरान क्षेत्राधिकारी, विद्यालय के प्रधानाचार्य, शिक्षकगण, प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारी तथा बड़ी संख्या में सम्मानित नागरिक मौजूद रहे। यात्रा के सफल आयोजन से पूरे नगर में देशभक्ति और राष्ट्रीय एकता का संदेश देखने को मिला।


















