चकिया में निकली भव्य तिरंगा यात्रा, देशभक्ति के नारों से गूंजा नगर
चंदौली : ‘हर घर तिरंगा’ अभियान के तहत बुधवार को नगर पंचायत चकिया में भव्य तिरंगा यात्रा का आयोजन किया गया। क्षेत्रीय विधायक कैलाश खरवार, नगर पंचायत चकिया के चेयरमैन गौरव श्रीवास्तव और भाजपा महामंत्री उमाशंकर सिंह के नेतृत्व में निकली यात्रा में बड़ी संख्या में नगरवासियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
तिरंगा यात्रा के दौरान पूरा नगर भारत माता की जय और देशभक्ति के नारों से गूंज उठा। हाथों में राष्ट्रीय ध्वज लेकर चल रहे लोगों में राष्ट्रप्रेम और देशभक्ति का उत्साह देखते ही बन रहा था। यात्रा ने नगर के विभिन्न मार्गों से गुजरते हुए लोगों को ‘हर घर तिरंगा’ अभियान के प्रति जागरूक किया।
कार्यक्रम में पूर्व विधायक शिव तपस्या पासवान, पूर्व भाजपा मंडल अध्यक्ष राघवेंद्र सिंह ‘संतोष’ सहित सभासद बादल सोनकर, उमेश चौहान, रवि गुप्ता, केशरी नंदन, दिनेश कशौधन और दीपक चौहान प्रमुख रूप से मौजूद रहे।
इसके अलावा भाजपा प्रतिनिधिमंडल, नगर पंचायत कर्मचारी मुकेश श्रीवास्तव, निखिलेश विक्रम, विंध्यवासिनी चौहान समेत बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिकों ने तिरंगा यात्रा में सहभागिता की। पूरे आयोजन के दौरान चकिया नगर राष्ट्रभक्ति के रंग में रंगा नजर आया। आयोजन ने लोगों में राष्ट्रीय ध्वज के प्रति सम्मान और देशप्रेम की भावना को और मजबूत किया।


















