गृह जनपद पहुंचे नोएडा विधायक पंकज सिंह, भाजपा कार्यकर्ताओं ने किया जोरदार स्वागत

181

गृह जनपद पहुंचे नोएडा विधायक पंकज सिंह, भाजपा कार्यकर्ताओं ने किया जोरदार स्वागत

चंदौली : नोएडा के विधायक एवं भाजपा नेता पंकज सिंह सोमवार को अपने गृह जनपद चंदौली पहुंचे। उनके आगमन को लेकर भाजपा कार्यकर्ताओं और समर्थकों में खासा उत्साह देखने को मिला। कार्यकर्ताओं ने उनका जोरदार स्वागत करते हुए फूल-मालाओं से अभिनंदन किया।

चकिया स्थित सावित्रीबाई फुले राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय में आयोजित कार्यक्रम में विधायक पंकज सिंह ने विज्ञान भवन के निर्माण कार्य का शिलान्यास किया। विज्ञान भवन के निर्माण के लिए करीब 8 करोड़ 80 लाख रुपये की धनराशि स्वीकृत की गई है। भवन के निर्माण से महाविद्यालय में विज्ञान विषयों की पढ़ाई करने वाले छात्र-छात्राओं को बेहतर शैक्षणिक सुविधाएं मिलने की उम्मीद है।

कार्यक्रम के दौरान कॉलेज में विभिन्न विषयों की मान्यता से जुड़े प्रयासों पर भी चर्चा हुई। विधायक ने कहा कि क्षेत्र के विद्यार्थियों को उच्च शिक्षा के बेहतर अवसर उपलब्ध कराने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। विज्ञान भवन का निर्माण महाविद्यालय के शैक्षणिक विकास की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।

इस दौरान राहुल गांधी की युवाओं से मुलाकात को लेकर पंकज सिंह ने विपक्ष पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि देश का नौजवान आज विकास की मुख्यधारा से जुड़कर देश को आगे बढ़ाने में सक्रिय भूमिका निभा रहा है। उन्होंने दावा किया कि जेन-जी के युवा आज भी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व और नीतियों के साथ खड़े हैं।

कार्यक्रम के दौरान डॉ के.एन. पाण्डेय, राणा सिंह सहित भाजपा कार्यकर्ताओं और समर्थकों ने विधायक पंकज सिंह का उत्साहपूर्वक स्वागत किया। इस मौके पर बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारी, कार्यकर्ता और स्थानीय लोग मौजूद रहे।