कचहरी के बाहर से अधिवक्ता की बाइक चोरी, सीसीटीवी में कैद हुई वारदात, एसपी कार्यालय और आवास से चंद कदम की दूरी पर हुई घटना, सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल

64

कचहरी के बाहर से अधिवक्ता की बाइक चोरी, सीसीटीवी में कैद हुई वारदात, एसपी कार्यालय और आवास से चंद कदम की दूरी पर हुई घटना, सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल

चंदौली : जिले में चोरों के हौसले लगातार बुलंद होते जा रहे हैं। ताजा मामला सदर कोतवाली क्षेत्र स्थित कचहरी परिसर के बाहर का है, जहां पुलिस अधीक्षक कार्यालय और आवास से महज करीब 100 मीटर की दूरी पर खड़ी एक अधिवक्ता की मोटरसाइकिल दिनदहाड़े चोरी हो गई। पूरी वारदात पास में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है। घटना के बाद अधिवक्ताओं और आम लोगों में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर नाराजगी देखने को मिल रही है। वही चोरी की घटना का सीसीटीवी फुटेज सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।

जानकारी के अनुसार, अधिवक्ता सुनील कुमार दुबे अपनी मोटरसाइकिल कचहरी परिसर के बाहर खड़ी कर न्यायालय के कार्य से अंदर गए थे। कुछ समय बाद जब वह वापस लौटे तो उनकी बाइक मौके से गायब थी। काफी खोजबीन के बाद भी वाहन का कोई सुराग नहीं लगा, जिसके बाद उन्होंने सदर कोतवाली पुलिस को लिखित तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। प्रारंभिक जांच में एक शातिर चोर बाइक लेकर फरार होता दिखाई दे रहा है। पुलिस ने फुटेज को कब्जे में लेकर उसकी पहचान और गिरफ्तारी के लिए जांच तेज कर दी है।

यह घटना इसलिए भी गंभीर मानी जा रही है क्योंकि चोरी की वारदात जिले के सबसे संवेदनशील माने जाने वाले क्षेत्र में हुई है। घटनास्थल से कुछ ही दूरी पर पुलिस अधीक्षक का कार्यालय और सरकारी आवास स्थित है, जहां सुरक्षा व्यवस्था हमेशा सक्रिय रहती है। इसके बावजूद चोर का बेखौफ होकर बाइक चोरी कर फरार हो जाना पुलिस की कार्यप्रणाली और सुरक्षा इंतजामों पर सवाल खड़े कर रहा है।

स्थानीय अधिवक्ताओं का कहना है कि कचहरी परिसर और उसके आसपास प्रतिदिन बड़ी संख्या में वादकारी, अधिवक्ता और आम नागरिक आते हैं। ऐसे महत्वपूर्ण स्थान पर लगातार चोरी की घटनाएं होना चिंता का विषय है। उन्होंने पुलिस प्रशासन से शीघ्र चोरी का खुलासा करने और कचहरी परिसर के आसपास सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग की है।

पुलिस ने पीड़ित की तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया है। अधिकारियों का कहना है कि सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपी की पहचान की जा रही है और जल्द ही उसे गिरफ्तार कर चोरी गई मोटरसाइकिल बरामद कर ली जाएगी।

लगातार बढ़ रही चोरी की घटनाओं से जिले के लोगों में दहशत का माहौल है। आम नागरिकों का कहना है कि यदि पुलिस कार्यालय के आसपास ही वाहन सुरक्षित नहीं हैं, तो अन्य क्षेत्रों की सुरक्षा का सहज अनुमान लगाया जा सकता है। फिलहाल पुलिस मामले के शीघ्र खुलासे का दावा कर रही है।