भीषण गर्मी में बिजली संकट से बेहाल चहनियां क्षेत्र, रातभर कटौती से लोगों की उड़ी नींद

27

भीषण गर्मी में बिजली संकट से बेहाल चहनियां क्षेत्र, रातभर कटौती से लोगों की उड़ी नींद

चंदौली : चहनियां क्षेत्र में लगातार हो रही रात्रिकालीन बिजली कटौती ने लोगों की परेशानी बढ़ा दी है। भीषण गर्मी और उमस के बीच रातभर बार-बार बिजली आने-जाने से ग्रामीणों की नींद हराम हो गई है। हालात यह हैं कि लोग आधी रात को घरों से बाहर निकलकर टहलने को मजबूर हैं।

जानकारी के अनुसार चहनियां, सुरतापुर और मारूफपुर विद्युत उपकेंद्रों से जुड़े दर्जनों गांवों में पिछले कई दिनों से रात के समय अनियमित बिजली आपूर्ति की जा रही है। शुक्रवार की रात स्थिति और भी गंभीर रही। पूरी रात लगभग हर एक से डेढ़ घंटे के अंतराल पर बिजली की सप्लाई बाधित होती रही, जिससे लोगों को भीषण गर्मी में भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा।

ग्रामीणों का कहना है कि दिन में होने वाली बिजली कटौती किसी तरह सहन कर ली जाती है, लेकिन रात के समय जब लोग दिनभर की मेहनत के बाद आराम करने घर पहुंचते हैं, तभी लगातार बिजली गुल होने से चैन की नींद भी नसीब नहीं हो रही है। पंखे और कूलर बंद होते ही घरों में घुटन बढ़ जाती है और लोग बाहर निकलने को मजबूर हो जाते हैं।

स्थानीय लोगों का आरोप है कि धानापुर फीडर पर ओवरलोड होने के कारण कई बार चहनियां क्षेत्र की बिजली आपूर्ति काट दी जाती है, जिसका खामियाजा यहां के उपभोक्ताओं को भुगतना पड़ रहा है। इसके अलावा हल्की हवा, बारिश या आंधी आने पर भी घंटों बिजली आपूर्ति ठप हो जाती है, जिससे समस्या और गंभीर हो जाती है।

ग्रामीणों ने विद्युत विभाग के उच्च अधिकारियों से मांग की है कि रात्रि के समय निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित की जाए, ताकि भीषण गर्मी के इस दौर में लोगों को राहत मिल सके। उनका कहना है कि कम से कम रात में नियमित बिजली मिलनी चाहिए, जिससे लोग सुकून से सो सकें और रोजमर्रा की परेशानियों से राहत पा सकें।

इस संबंध में सुरतापुर विद्युत उपकेंद्र के जूनियर इंजीनियर (जेई) संतोष कुमार ने बताया कि क्षेत्र में होने वाली बिजली कटौती स्थानीय स्तर पर नहीं की जा रही है। उन्होंने कहा कि उच्च स्तर से निर्धारित रोस्टिंग के अनुसार ही बिजली आपूर्ति बाधित की जाती है, जिसके चलते समय-समय पर सप्लाई बंद रहती है।