इलिया बाजार के अमृत सरोवर से हटा वर्षों पुराना अतिक्रमण, तहसीलदार की बड़ी कार्रवाई से मचा हड़कंप

62

इलिया बाजार के अमृत सरोवर से हटा वर्षों पुराना अतिक्रमण, तहसीलदार की बड़ी कार्रवाई से मचा हड़कंप

चंदौली : जनपद के चकिया तहसील अंतर्गत इलिया बाजार के समीप स्थित अमृत सरोवर (तालाब) की भूमि पर वर्षों से किए गए अतिक्रमण के खिलाफ प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई करते हुए कब्जाधारियों को बेदखल कर दिया। अतिक्रमण मुक्त अभियान के तीसरे दिन तहसीलदार देवेंद्र सिंह यादव के नेतृत्व में राजस्व एवं पुलिस विभाग की संयुक्त टीम ने जेसीबी मशीन की सहायता से तालाब की भूमि को अतिक्रमण से मुक्त कराया।

मौके पर भारी पुलिस बल मौजूद

कार्रवाई के दौरान तालाब की भूमि पर बने कच्चे मकान, झोपड़ियां तथा मीट-मुर्गे की दुकानों को हटाया गया। प्रशासन की इस सख्त कार्रवाई से अतिक्रमणकारियों में हड़कंप मच गया। अतिक्रमण हटाने के दौरान कुछ दुकानदारों ने विरोध करने का प्रयास किया, लेकिन मौके पर मौजूद भारी पुलिस बल की मुस्तैदी के चलते किसी प्रकार की अप्रिय स्थिति उत्पन्न नहीं होने दी गई।

सरकारी भूमि पर अतिक्रमण करने वालों पर होगी कार्रवाई

तहसीलदार देवेंद्र सिंह यादव ने स्पष्ट कहा कि सरकार द्वारा संचालित अतिक्रमण मुक्त अभियान के तहत तालाबों एवं सार्वजनिक भूमि पर किसी भी प्रकार का अवैध कब्जा बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि दोबारा किसी ने सरकारी भूमि पर अतिक्रमण करने का प्रयास किया तो उसके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

अमृत सरोवर की भूमि को विकास विभाग को सुपुर्द

प्रशासनिक अधिकारियों के अनुसार अतिक्रमण हटाने के बाद अमृत सरोवर की भूमि को विकास विभाग के सुपुर्द कर दिया गया है, ताकि शासन की मंशा के अनुरूप उसका संरक्षण एवं विकास कार्य कराया जा सके। बताया जा रहा है कि इस अमृत सरोवर पर कई दशकों से अवैध कब्जा था, जिसे अब प्रशासन ने पूरी तरह से हटाकर सरकारी अभिलेखों के अनुसार मुक्त करा लिया है।

ये रहे मौजूद

इस अभियान में तहसीलदार देवेंद्र सिंह यादव के साथ नायब तहसीलदार आलोक, दो राजस्व निरीक्षक, लगभग एक दर्जन लेखपाल तथा बड़ी संख्या में पुलिसकर्मी मौजूद रहे। प्रशासन की इस कार्रवाई को सरकारी भूमि संरक्षण की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।