ब्लॉक प्रमुख ने मुजफ्फरपुर नर्सरी का किया निरीक्षण, पौधों की गुणवत्ता और वृक्षारोपण तैयारियों का लिया जायजा
चंदौली : पर्यावरण संरक्षण और हरित विकास को बढ़ावा देने के उद्देश्य से ब्लॉक प्रमुख शंभूनाथ यादव ने चकीया के मुजफ्फरपुर स्थित नर्सरी का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने नर्सरी में उपलब्ध विभिन्न प्रजातियों के पौधों की गुणवत्ता, रखरखाव और आगामी वृक्षारोपण अभियान की तैयारियों का विस्तार से जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान ब्लॉक प्रमुख ने नर्सरी परिसर का भ्रमण कर पौधों के संरक्षण, नियमित सिंचाई और बेहतर देखभाल की व्यवस्थाओं की जानकारी संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों से प्राप्त की। उन्होंने कहा कि नर्सरियां पर्यावरण संतुलन बनाए रखने और हरित आवरण बढ़ाने की आधारशिला हैं, इसलिए पौधों की गुणवत्ता और संरक्षण में किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी।
उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि मानसून सत्र को ध्यान में रखते हुए पर्याप्त संख्या में गुणवत्तापूर्ण पौधों की उपलब्धता सुनिश्चित की जाए, ताकि वृक्षारोपण अभियान को सफल बनाया जा सके। साथ ही उन्होंने स्थानीय नागरिकों से अधिक से अधिक पौधे लगाने और उनके संरक्षण का संकल्प लेने की अपील की।
इस अवसर पर डिप्टी क्षेत्राधिकारी आनंद दुबे ने अपने सहयोगियों के साथ ब्लॉक प्रमुख को नर्सरी में उपलब्ध पौधों की संख्या, विभिन्न प्रजातियों तथा आगामी वृक्षारोपण योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी।
ब्लॉक प्रमुख ने नर्सरी की व्यवस्थाओं पर संतोष व्यक्त करते हुए कहा कि जनसहभागिता से ही पर्यावरण संरक्षण का लक्ष्य हासिल किया जा सकता है और प्रत्येक नागरिक को इस अभियान से जुड़कर हरित भविष्य के निर्माण में अपनी भूमिका निभानी चाहिए।


















