अज्ञात वाहन की टक्कर से बाइक सवार की मौत, एक गंभीर घायल, 8 वर्षीय बच्चा भी जख्मी

319

अज्ञात वाहन की टक्कर से बाइक सवार की मौत, एक गंभीर घायल, 8 वर्षीय बच्चा भी जख्मी

चंदौली : चकिया कोतवाली क्षेत्र के रघुनाथपुर स्थित काली मंदिर के समीप बुधवार देर शाम एक दर्दनाक सड़क हादसे में बाइक सवार एक व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक अन्य व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे में बाइक पर सवार लगभग 8 वर्षीय मासूम बच्चे को भी चोटें आई हैं। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई और बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौके पर एकत्र हो गए।

तेज रफ्तार वाहन ने ली बाइक सवार की जान

प्राप्त जानकारी के अनुसार तीन लोग एक ही बाइक पर सवार होकर मुज्जफरपुर की ओर जा रहे थे। इसी दौरान रघुनाथपुर स्थित काली मंदिर के पास किसी अज्ञात तेज रफ्तार वाहन ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक सवार एक व्यक्ति ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया, जबकि दूसरा व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया। साथ ही बाइक पर मौजूद करीब 8 वर्षीय बच्चा भी हादसे में घायल हो गया।

पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया शव

घटना की सूचना मिलते ही चकिया कोतवाली पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू कराया। पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से एम्बुलेंस बुलाकर घायल को उपचार के लिए अस्पताल भिजवाया, जबकि घायल बच्चे का भी प्राथमिक उपचार कराया गया। मृतक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।

हादसे की जानकारी मिलने पर चकिया विधायक कैलाश आचार्य भी घटनास्थल पर पहुंचे और घटना की जानकारी ली। उन्होंने पुलिस अधिकारियों से मामले की निष्पक्ष जांच कर जल्द से जल्द दोषी वाहन और चालक की पहचान कर कार्रवाई करने के निर्देश दिए।

पुलिस सीसीटीवी फुटेज खंगालने में जुटी

पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है ताकि हादसे के बाद फरार हुए अज्ञात वाहन की पहचान की जा सके। अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही वाहन का पता लगाकर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।

इस दर्दनाक हादसे के बाद मृतक के परिजनों में कोहराम मचा हुआ है, जबकि क्षेत्र में शोक की लहर व्याप्त है। पुलिस मामले की गहन जांच में जुटी हुई है और प्रत्यक्षदर्शियों से भी पूछताछ कर रही है।