पति के साथ रहने की मांग को लेकर मोबाइल टावर पर चढ़ी विवाहिता, घंटों चले हाई वोल्टेज ड्रामे के बाद पुलिस ने सकुशल उतारा

128

पति के साथ रहने की मांग को लेकर मोबाइल टावर पर चढ़ी विवाहिता, घंटों चले हाई वोल्टेज ड्रामे के बाद पुलिस ने सकुशल उतारा

चंदौली : जनपद के चकिया कोतवाली क्षेत्र अंतर्गत मोहम्मदाबाद गांव में मंगलवार को उस समय हड़कंप मच गया, जब एक 19 वर्षीय विवाहिता अपने पति के साथ रहने की मांग को लेकर गांव में लगे मोबाइल टावर पर चढ़ गई। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस प्रशासन मौके पर पहुंचा और काफी देर तक समझाने-बुझाने के बाद महिला को सकुशल नीचे उतार लिया। इसके बाद दोनों पक्षों को मिशन शक्ति केंद्र ले जाकर काउंसलिंग कराई जा रही है।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार मोहम्मदाबाद गांव निवासी नंदनी ने करीब तीन माह पूर्व 26 मार्च को अपने ही पड़ोसी विशाल चौहान से परिवार की सहमति से प्रेम विवाह किया था। विवाह के कुछ समय बाद दोनों के बीच पारिवारिक कारणों से मनमुटाव हो गया, जिसके चलते विशाल काम की तलाश में हैदराबाद चला गया और नंदनी अपने मायके वापस आ गई।

पति के दूर चले जाने से नाराज नंदनी मंगलवार को गांव में स्थित मोबाइल टावर पर चढ़ गई और पति को वापस बुलाकर अपने साथ रखने की मांग करने लगी। महिला के टावर पर चढ़ने की खबर फैलते ही मौके पर ग्रामीणों की भारी भीड़ जुट गई। स्थिति को गंभीर देखते हुए स्थानीय लोगों ने तत्काल पुलिस को सूचना दी।

सूचना मिलते ही चकिया थानाध्यक्ष अर्जुन सिंह अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने धैर्यपूर्वक महिला से बातचीत की, उसकी समस्याओं को सुना और परिजनों को भी मौके पर बुलाया। काफी देर तक चली समझाइश और आश्वासन के बाद महिला का गुस्सा शांत हुआ तथा वह सुरक्षित नीचे उतरने के लिए तैयार हो गई। महिला के सकुशल नीचे उतरने पर पुलिस और ग्रामीणों ने राहत की सांस ली।

इस संबंध में क्षेत्राधिकारी (सीओ) चकिया रघुराज ने बताया कि सूचना मिलने पर पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और नंदनी को सुरक्षित टावर से नीचे उतार लिया गया। पूछताछ में पता चला कि उसने तीन महीने पहले विशाल चौहान से प्रेम विवाह किया था। दोनों के बीच मनमुटाव होने के बाद विशाल हैदराबाद चला गया, जबकि नंदनी अपने घर लौट आई। अब वह दोबारा पति के साथ रहना चाहती है और इसी उद्देश्य से उसने टावर पर चढ़कर विशाल के परिवार पर उसे वापस बुलाने का दबाव बनाने का प्रयास किया।

सीओ ने बताया कि मामले में दोनों पक्षों को मिशन शक्ति केंद्र, चकिया लाकर काउंसलिंग की जा रही है, ताकि आपसी बातचीत और समझदारी के जरिए विवाद का समाधान कराया जा सके। पुलिस का कहना है कि परिवार की सहमति और परामर्श के माध्यम से दोनों के बीच संबंध सामान्य कराने का प्रयास किया जा रहा है।