चंदौली में कोचिंग के बाहर 10वीं के छात्र की हत्या, साथी छात्र हिरासत में, इलाके में मचा हड़कंप
चंदौली : जिले के सदर कोतवाली क्षेत्र के फतेहपुर गांव में शुक्रवार सुबह उस समय सनसनी फैल गई, जब कोचिंग सेंटर के बाहर दो छात्रों के बीच हुए विवाद में एक छात्र की हत्या कर दी गई। घटना सुबह करीब 7:30 बजे उस समय हुई, जब छात्र कोचिंग शुरू होने से पहले वहां पहुंचे थे। मृतक की पहचान लवकुश (16 वर्ष) निवासी प्रतापपुर के रूप में हुई है। वह कक्षा 10 का छात्र था और उसी कोचिंग संस्थान में पढ़ाई करता था, जहां आरोपी छात्र भी अध्ययनरत है। आरोपी छात्र फतेहपुर गांव का रहने वाला बताया जा रहा है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, दोनों छात्रों के बीच पहले से किसी बात को लेकर विवाद चल रहा था। शुक्रवार सुबह कोचिंग के बाहर दोनों का आमना-सामना हुआ, जिसके बाद विवाद बढ़ गया और आरोपी छात्र ने हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल लवकुश की मौके पर ही मौत हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही सीओ सदर देवेंद्र कुमार और सदर कोतवाली पुलिस भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने तत्काल आरोपी छात्र को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।
पुलिस अधीक्षक चंदौली आकाश पटेल ने बताया कि प्रारंभिक पूछताछ में आरोपी छात्र ने स्वीकार किया है कि मृतक पिछले तीन-चार दिनों से उसे लगातार गाली-गलौज कर रहा था। इसी बात से नाराज होकर उसने घटना को अंजाम दिया। हालांकि पुलिस मामले के सभी पहलुओं की गहन जांच कर रही है और घटना के वास्तविक कारणों का पता लगाया जा रहा है।
पुलिस ने मृतक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है तथा आगे की विधिक कार्रवाई जारी है। दिनदहाड़े कोचिंग सेंटर के बाहर हुई इस वारदात से पूरे इलाके में दहशत और शोक का माहौल है। स्थानीय लोगों ने छात्रों के बीच बढ़ती हिंसक प्रवृत्ति पर चिंता जताते हुए स्कूलों और कोचिंग संस्थानों में बेहतर निगरानी और परामर्श व्यवस्था की मांग की है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद मामले में आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल आरोपी छात्र से पूछताछ जारी है और घटना से जुड़े अन्य तथ्यों को भी खंगाला जा रहा है।


















