मैरिज लॉन, डीजे और बैंड संचालकों के साथ एसपी की बैठक, नियमों के उल्लंघन पर होगी सख्त कार्रवाई

50

मैरिज लॉन, डीजे और बैंड संचालकों के साथ एसपी की बैठक, नियमों के उल्लंघन पर होगी सख्त कार्रवाई

चंदौली : जनपद में होने वाले वैवाहिक एवं सामाजिक कार्यक्रमों के दौरान यातायात व्यवस्था, ध्वनि प्रदूषण नियंत्रण और आमजन की सुरक्षा सुनिश्चित करने के उद्देश्य से पुलिस अधीक्षक आकाश पटेल ने पुलिस लाइन स्थित सभागार में मैरिज लॉन, डीजे एवं बैंड संचालकों के साथ बैठक कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

बैठक में एसपी ने मैरिज लॉन संचालकों को परिसर में पर्याप्त पार्किंग व्यवस्था सुनिश्चित करने, वाहनों को व्यवस्थित ढंग से खड़ा कराने के लिए वालंटियर एवं मार्शल तैनात करने तथा सड़क पर अव्यवस्थित पार्किंग न होने देने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर संबंधित संचालकों के विरुद्ध विधिक कार्रवाई की जाएगी।

डीजे संचालकों को निर्धारित ध्वनि सीमा का पालन करने, रात 10 बजे के बाद लाउडस्पीकर का प्रयोग न करने और लेजर लाइट का इस्तेमाल पूरी तरह बंद रखने के निर्देश दिए गए। एसपी ने कहा कि लेजर लाइट सड़क पर चलने वाले वाहन चालकों के लिए दुर्घटना का कारण बन सकती है। नियमों के उल्लंघन की स्थिति में डीजे उपकरण जब्त कर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

बैंड संचालकों को निर्देशित किया गया कि बारात सड़क के एक-तिहाई हिस्से से अधिक स्थान न घेरे और यातायात सुचारु बनाए रखने के लिए स्वयंसेवकों की व्यवस्था करें। यदि बारात के कारण जाम या यातायात बाधित होता है तो संबंधित बैंड संचालक की जिम्मेदारी तय करते हुए आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।

पुलिस अधीक्षक ने सभी संचालकों से शासन के दिशा-निर्देशों का पूर्ण पालन करने और सुरक्षित, व्यवस्थित एवं शांतिपूर्ण वातावरण बनाए रखने में पुलिस प्रशासन का सहयोग करने की अपील की। बैठक में अपर पुलिस अधीक्षक, समस्त क्षेत्राधिकारी, थाना प्रभारी तथा बड़ी संख्या में मैरिज लॉन, डीजे और बैंड संचालक उपस्थित रहे।