नशे के सौदागरों पर पुलिस का शिकंजा, कार से भारी मात्रा में गांजा बरामद
चंदौली : मुगलसराय पुलिस एवं स्वॉट/सर्विलांस टीम की संयुक्त कार्रवाई में बुधवार को 31 किलो 200 ग्राम अवैध गांजा के साथ एक अंतरराज्यीय तस्कर को गिरफ्तार किया गया। बरामद गांजे की अनुमानित कीमत करीब 10 लाख रुपये बताई जा रही है।
पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर चकिया तिराहा क्षेत्र में संदिग्ध वाहनों की जांच के दौरान मुखबिर की सूचना पर एक हुंडई सैंट्रो कार को रोकने का प्रयास किया गया। पुलिस को देखकर चालक भागने लगा, लेकिन घेराबंदी कर उसे पकड़ लिया गया। तलाशी के दौरान कार से 17 पैकेटों में कुल 31.2 किलो गांजा बरामद हुआ।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान अतहर फारुकी (28) पुत्र सुल्तान फारुकी, निवासी बरेज, पोस्ट बेलौड़ी, थाना मोहनिया, जनपद कैमूर (भभुआ), बिहार के रूप में हुई। पूछताछ में उसने बताया कि वह बिहार से गांजा लाकर वाराणसी और आसपास के जिलों में सप्लाई करता था तथा इससे आर्थिक लाभ कमाता था।
पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध मुगलसराय थाने में एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/20 के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया है। बरामद गांजे के साथ तस्करी में प्रयुक्त हुंडई सैंट्रो कार भी जब्त कर ली गई है।
इस कार्रवाई में थानाध्यक्ष विजय प्रताप सिंह, स्वॉट प्रभारी रामजनम यादव, सर्विलांस प्रभारी आशीष मिश्रा, उपनिरीक्षक शिवपूजन बिन्द सहित पुलिस टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।


















