आंधी-बारिश से क्षतिग्रस्त बिजली व्यवस्था को दुरुस्त करने में जुटा विद्युत विभाग, शाम 4 बजे तक सभी उपकेंद्रों की आपूर्ति बहाल होने का दावा
चंदौली : मंगलवार रात आई तेज आंधी और मूसलाधार बारिश ने जनपद के सकलडीहा विद्युत वितरण खंड तृतीय क्षेत्र में व्यापक तबाही मचाई। तेज हवाओं के चलते दर्जनों बिजली लाइनें क्षतिग्रस्त हो गईं और लगभग 100 बिजली के खंभे टूटकर गिर पड़े, जिससे कई गांवों और कस्बों की विद्युत आपूर्ति पूरी तरह बाधित हो गई। विद्युत विभाग युद्धस्तर पर मरम्मत कार्य में जुटा हुआ है और अधिकारियों ने दावा किया है कि सभी प्रभावित उपकेंद्रों की बिजली आपूर्ति बुधवार शाम 4 बजे तक बहाल कर दी जाएगी।
सकलडीहा विद्युत वितरण खंड तृतीय के अधिशासी अभियंता (एक्सईएन) नरेश कुमार ने बताया कि आंधी और बारिश के कारण 33 हजार वोल्ट से लेकर 11 हजार वोल्ट तक की दर्जनों विद्युत लाइनें क्षतिग्रस्त हो गई हैं। कई स्थानों पर बिजली के खंभे धराशायी हो गए, जबकि पेड़ों के तारों पर गिरने से भी आपूर्ति व्यवस्था बुरी तरह प्रभावित हुई।
उन्होंने बताया कि सकलडीहा तहसील उपकेंद्र, ग्रामीण उपकेंद्र, विरासराय पंप कैनाल, चहनिया, रमौली और मारूफपुर सहित कई क्षेत्रों में भारी नुकसान हुआ है। इन इलाकों में बिजली व्यवस्था को सामान्य करने के लिए लगातार मरम्मत कार्य चल रहा है। कुछ स्थानों पर बिजली आपूर्ति बहाल कर दी गई है, जबकि शेष क्षेत्रों में तेजी से काम जारी है।
एक्सईएन नरेश कुमार ने बताया कि टूटे हुए बिजली के खंभों को बदलने के लिए क्रेन और हाइड्रा मशीनों की सहायता ली जा रही है। दर्जनों लाइनमैन, तकनीकी कर्मचारी और अधिकारी दिन-रात मेहनत कर बिजली व्यवस्था को सुचारु करने में लगे हुए हैं। विभाग का पूरा अमला आपूर्ति जल्द से जल्द बहाल करने के लिए युद्धस्तर पर कार्य कर रहा है।
मरम्मत कार्य के दौरान उपखंड अधिकारी (एसडीओ) सियाराम यादव और अवर अभियंता (जेई) मनीष यादव सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी मौके पर मौजूद रहे और कार्यों का निरीक्षण करते हुए टीमों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
अधिशासी अभियंता नरेश कुमार ने उपभोक्ताओं से अपील की है कि वे धैर्य बनाए रखें और विभाग का सहयोग करें। उन्होंने भरोसा दिलाया कि सभी प्रभावित क्षेत्रों में शाम 4 बजे तक विद्युत आपूर्ति बहाल करने का पूरा प्रयास किया जा रहा है, ताकि लोगों को जल्द से जल्द राहत मिल सके।


















