स्कूली वाहनों का शत-प्रतिशत सत्यापन हो, अवैध कट तत्काल बंद किए जाएं : जिलाधिकारी

69

स्कूली वाहनों का शत-प्रतिशत सत्यापन हो, अवैध कट तत्काल बंद किए जाएं : जिलाधिकारी

चंदौली : जनपद में सड़क दुर्घटनाओं पर प्रभावी नियंत्रण और यातायात व्यवस्था को सुरक्षित एवं व्यवस्थित बनाने के उद्देश्य से सोमवार को कलेक्ट्रेट सभागार में सड़क सुरक्षा समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता जिलाधिकारी चन्द्र मोहन गर्ग एवं पुलिस अधीक्षक आकाश पटेल ने की।

बैठक में जिलाधिकारी ने सभी स्कूली वाहनों का शत-प्रतिशत सत्यापन सुनिश्चित कराने के निर्देश देते हुए कहा कि बच्चों की सुरक्षा से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा। उन्होंने राष्ट्रीय राजमार्गों पर बने अवैध कटों पर गंभीर चिंता व्यक्त करते हुए संबंधित अधिकारियों को इन्हें तत्काल बंद कराने का निर्देश दिया।

इस दौरान एनएचएआई के डेवलपमेंट मैनेजर ने बताया कि अधिकांश अवैध कट बंद करा दिए गए हैं तथा शेष कटों को भी शीघ्र बंद कराया जाएगा।

जिलाधिकारी ने सड़क सुरक्षा नियमों का कड़ाई से पालन कराने पर बल देते हुए दुर्घटना संभावित ब्लैक स्पॉट चिन्हित कर आवश्यक सुधार कार्य, सड़क संकेतक एवं चेतावनी बोर्ड लगाने के निर्देश दिए। साथ ही रिंग रोड के किनारे अतिक्रमण कर लगाई गई गुमटियों को तत्काल हटाने की कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा।

उन्होंने ओवरलोड वाहनों और तेज रफ्तार से वाहन चलाने वालों के खिलाफ प्रभावी अभियान चलाने के निर्देश देते हुए कहा कि इसका उद्देश्य जनहानि रोकना और सुरक्षित यातायात व्यवस्था स्थापित करना है।

बैठक के दौरान एनएचएआई एवं रिंग रोड परियोजना के अधिकारियों द्वारा संतोषजनक जवाब नहीं दिए जाने पर जिलाधिकारी ने नाराजगी जताई और संबंधित अधिकारियों से स्पष्टीकरण तलब करने के निर्देश दिए।

पुलिस अधीक्षक आकाश पटेल ने भारतमाला परियोजना में संचालित सभी डंपरों की सूची के साथ उनके चालकों का पूरा विवरण उपलब्ध कराने के निर्देश दिए, ताकि यातायात एवं सुरक्षा व्यवस्था की प्रभावी निगरानी की जा सके।

बैठक में अपर पुलिस अधीक्षक अनंत चंद्रशेखर, सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी सर्वेश गौतम, अधिशासी अभियंता पीडब्ल्यूडी राजेश कुमार सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।