चंदौली पुलिस का ऑपरेशन वज्रपात, सोशल मीडिया पर दबंगई दिखाने वाले 64 गैंग पुलिस के रडार पर, 187 पर कार्रवाई
चंदौली : सोशल मीडिया के जरिए गैंग बनाकर समाज में भय, आतंक और दबंगई का माहौल बनाने वाले तत्वों के खिलाफ चंदौली पुलिस ने पांच दिवसीय विशेष अभियान “ऑपरेशन वज्रपात” चलाकर बड़ी कार्रवाई की है। अभियान के दौरान 64 सोशल मीडिया गैंगों को चिन्हित किया गया, जिनमें से 49 मामलों में मुकदमे दर्ज करते हुए 187 नामजद व्यक्तियों के विरुद्ध कार्रवाई की गई। पुलिस ने चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जबकि 65 अन्य सदस्यों को चिन्हित कर उनके खिलाफ विधिक कार्रवाई की प्रक्रिया जारी है।
पुलिस उपमहानिरीक्षक वाराणसी परिक्षेत्र वैभव कृष्ण के निर्देशन एवं वरिष्ठ अधिकारियों के पर्यवेक्षण में 1 जून से 5 जून 2026 तक जिले के सभी थानों में यह विशेष अभियान चलाया गया। अभियान का उद्देश्य सोशल मीडिया पर हथियारों का प्रदर्शन, आपराधिक छवि का प्रचार-प्रसार, युवाओं को गुमराह करने और समाज में भय का वातावरण बनाने वाले तत्वों पर प्रभावी कार्रवाई करना था।
बीट पुलिस ने किया सोशल मीडिया गैंगों का चिन्हीकरण
अभियान के तहत क्षेत्राधिकारियों और थाना प्रभारियों ने बीट पुलिसकर्मियों की मदद से ऐसे सोशल मीडिया ग्रुप, पेज और गैंगों की पहचान की, जो विभिन्न नामों से संगठित होकर दबदबा कायम करने और आपराधिक गतिविधियों का महिमामंडन कर रहे थे।
थानावार दर्ज हुए मुकदमे
अलीनगर – 4, सैयदराजा – 4, बबुरी – 3, मुगलसराय – 6, धीना – 2, चंदौली – 5, चकिया – 1, चकरघट्टा – 2, नौगढ़ – 2, सकलडीहा – 2, कंदवा – 3, धानापुर – 6, इलिया – 2, बलुआ – 5, शहाबगंज – 2 मुकदमे दर्ज हुए है।
जनता से पुलिस की अपील
चंदौली पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि यदि कोई व्यक्ति या समूह सोशल मीडिया के माध्यम से हथियारों का प्रदर्शन, गैंग संचालन, भय फैलाने या आपराधिक गतिविधियों का प्रचार-प्रसार कर रहा हो, तो इसकी सूचना तत्काल स्थानीय थाने को दें।
पुलिस ने स्पष्ट किया है कि सूचना देने वाले की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी। इसके अलावा, गोपनीय सूचना देने के लिए वाराणसी जोन के आधिकारिक व्हाट्सएप बॉट नंबर 7839860411 पर भी शिकायत दर्ज कराई जा सकती है।
सोशल मीडिया पर रहेगी कड़ी निगरानी
चंदौली पुलिस ने कहा है कि सोशल मीडिया पर रील्स और पोस्ट के माध्यम से दबंगई, हथियारों का प्रदर्शन और आपराधिक छवि बनाने वाले व्यक्तियों के विरुद्ध सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज कर कठोर कानूनी कार्रवाई की जाएगी। पुलिस ने दोहराया कि अपराध और अराजकता के खिलाफ जीरो टॉलरेंस नीति के तहत जिले में शांति, सुरक्षा और कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए लगातार अभियान जारी रहेंगे।


















