थाना अलीनगर पुलिस की बड़ी कार्रवाई, बिहार चुनाव से पहले 1.40 करोड़ की शराब खेप ज़ब्त, दो तस्कर गिरफ्तार

88

थाना अलीनगर पुलिस की बड़ी कार्रवाई, बिहार चुनाव से पहले 1.40 करोड़ की शराब खेप ज़ब्त, दो तस्कर गिरफ्तार

चंदौली : बिहार विधानसभा चुनाव से ठीक पहले पुलिस ने शराब तस्करों पर बड़ी चोट की है। अलीनगर थाना पुलिस और स्वाट सर्विलांस टीम ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए करीब 1.40 करोड़ रुपये मूल्य की अवैध अंग्रेज़ी शराब बरामद की है। कार्रवाई में दो अंतरराज्यीय तस्करों को गिरफ्तार किया गया है।

6685 लीटर शराब बुरादे की बोरियों के नीचे छुपाई गई थी

पुलिस अधीक्षक आदित्य लांग्हे ने रविवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस कर खुलासा किया कि टीम ने सिंघीताली पुल के पास से एक ट्रक को पकड़ा। तलाशी लेने पर उसमें 750 पेटी में भरी कुल 6685 लीटर अंग्रेज़ी शराब बरामद हुई। तस्करों ने शराब को छुपाने के लिए ट्रक में लदी 107 बोरी बुरादे और तिरपाल का सहारा लिया था।

हरियाणा-पंजाब से बिहार की ओर जा रही थी खेप

गिरफ्तार तस्करों ने पूछताछ में बताया कि वे हरियाणा और पंजाब से शराब को सस्ते दामों में खरीदते हैं और फिर उसे बिहार ले जाकर ऊंचे दामों पर बेचते हैं। बिहार में पूर्ण शराबबंदी लागू है, ऐसे में वहां शराब की कीमत कई गुना बढ़ जाती है। तस्करों ने माना कि इस धंधे से होने वाले लाभ को वे आपस में बराबर-बराबर बांट लेते हैं।

चुनावी माहौल में तस्करी पर करारा प्रहार

बिहार चुनावी माहौल को देखते हुए यह बरामदगी बेहद अहम मानी जा रही है। पुलिस को यह सफलता बिहार मद्य निषेध इकाई, पटना से मिली गुप्त सूचना के आधार पर मिली। ऐसे समय में जब चुनावी मौसम में शराब की तस्करी बढ़ जाती है, यह कार्रवाई प्रशासन के लिए बड़ी उपलब्धि मानी जा रही है।

कार्रवाई में शामिल रही पुलिस टीम

इस अभियान में कई पुलिसकर्मियों की अहम भूमिका रही। गिरफ्तारी और बरामदगी करने वाली टीम में प्रभारी निरीक्षक अनिल कुमार पाण्डेय, उप निरीक्षक अनंत कुमार भार्गव, अनिल यादव, हेड कांस्टेबल सुनील कुमार यादव, राहुल खरवार, आकाश सिंह शामिल रहे। वहीं, स्वाट टीम का नेतृत्व उप निरीक्षक आशीष मिश्रा ने किया। टीम में हेड कांस्टेबल अरविंद भारद्वाज, आनंद सिंह, राणा प्रताप सिंह, रामानंद यादव, बिजेंद्र कुमार सिंह, आशुतोष सिंह, प्रेम प्रकाश यादव, मंटू सिंह, अजित कुमार सिंह, गणेश तिवारी, मनीष कुमार और संदीप कुमार शामिल थे।

पुलिस की सख़्त नज़र तस्करों पर

पुलिस अधीक्षक ने कहा कि चुनावी सीज़न में किसी भी कीमत पर शराब की तस्करी और उसके वितरण को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। पकड़े गए तस्करों से और भी जानकारी जुटाई जा रही है ताकि पूरे नेटवर्क तक पहुंचा जा सके।