वन्यजीव संरक्षण को लेकर विद्यार्थियों में दिखा उत्साह, निबंध प्रतियोगिता में वेकटेश रस्तोगी रहे प्रथम
चंदौली : वन्य प्राणी सप्ताह (02 से 08 अक्टूबर) के तहत सोमवार को चहनिया रेंज के अंतर्गत खंडवारी इंटर कॉलेज में निबंध लेखन प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रभागीय वनाधिकारी बी. शिव शंकर के निर्देशन में आयोजित प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने वन्यजीव संरक्षण एवं पर्यावरण विषय पर उत्साहपूर्वक प्रतिभाग करते हुए अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया।
प्रतियोगिता में वेकटेश रस्तोगी ने प्रथम, मोहित यादव ने द्वितीय तथा प्रियांशु वर्मा ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। विजेता विद्यार्थियों के प्रदर्शन की उपस्थित अधिकारियों एवं शिक्षकों ने सराहना की।
कार्यक्रम के दौरान वन विभाग के अधिकारियों ने विद्यार्थियों को वन्यजीवों के संरक्षण, जैव विविधता के महत्व तथा वन्यजीवों के प्राकृतिक आवास को सुरक्षित रखने के प्रति जागरूक किया। अधिकारियों ने कहा कि वन एवं वन्यजीवों का संरक्षण केवल विभाग की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि समाज के प्रत्येक व्यक्ति की सामूहिक जिम्मेदारी है। विद्यार्थियों को पर्यावरण संरक्षण के लिए अपने आसपास के लोगों को भी जागरूक करने के लिए प्रेरित किया गया।
इस अवसर पर विद्यालय के प्रधानाचार्य आशुतोष सिंह, सुनील सिंह, सुरेंद्र यादव, कपिलदेव मिश्रा, सोहन सहित विद्यालय के छात्र-छात्राएं मौजूद रहे। वन विभाग की ओर से क्षेत्रीय वन अधिकारी सुभाष चंद्र त्रिपाठी, वन दरोगा फिरोज गांधी, वन रक्षक जीतेन्द्र, अभिषेक एवं विश्वनाथ तथा मुंशी-कर्मचारी उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों में वन्यजीवों और पर्यावरण के प्रति संवेदनशीलता विकसित करने के साथ ही संरक्षण के प्रति जागरूकता बढ़ाना रहा। प्रतियोगिता के माध्यम से विद्यार्थियों ने वन्यजीवों के महत्व और पर्यावरण संरक्षण के प्रति अपनी सोच को रचनात्मक ढंग से प्रस्तुत किया।


















