चकिया में लूट कांड का खुलासा, गिरोह सरगना गिरफ्तार, तीन नाबालिग हिरासत में, ₹25 हजार बरामद
चंदौली : थाना चकिया क्षेत्र में मारपीट कर लूट की वारदात को अंजाम देने वाले गिरोह का पुलिस ने सफलतापूर्वक पर्दाफाश कर दिया है। पुलिस ने गिरोह के सरगना को गिरफ्तार करते हुए तीन बाल अपचारियों को अभिरक्षा में लिया है। आरोपितों के कब्जे से 25 हजार रुपये नकद भी बरामद किए गए हैं।
पुलिस अधीक्षक आकाश पटेल के निर्देश पर अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत अपर पुलिस अधीक्षक अनन्त चन्द्रशेखर व क्षेत्राधिकारी रघुराज के पर्यवेक्षण में थाना प्रभारी अर्जुन सिंह के नेतृत्व में यह कार्रवाई की गई। पुलिस टीम ने मुखबिर की सूचना और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर 2 अप्रैल को आरोपी शिवा यादव निवासी ग्राम दिरेहू को गिरफ्तार किया, जबकि तीन नाबालिगों को हिरासत में लिया गया।
ऑपरेशन त्रिनेत्र से मिली सफलता
पुलिस के अनुसार, घटना के खुलासे में ‘ऑपरेशन त्रिनेत्र’ के तहत लगाए गए सीसीटीवी कैमरों की अहम भूमिका रही। फुटेज के आधार पर आरोपितों की पहचान कर उन्हें दबोचा गया।
ऐसे दिया था वारदात को अंजाम
31 मार्च की शाम करीब छह बजे काली नगर वार्ड निवासी शकील अहमद ग्राम बैरा से अपने घर लौट रहे थे। बैरा पहाड़ी के पास चार युवकों ने उनकी बाइक रोककर उन्हें गिरा दिया और मारपीट की। इसके बाद जेब से 28,720 रुपये लूट लिए। इतना ही नहीं, आरोपितों ने धमकी देकर उनसे 1,359 रुपये ऑनलाइन ट्रांसफर भी करवा लिए।
पहले से दर्ज हैं मुकदमे
गिरफ्तार आरोपी शिवा यादव के खिलाफ इसी मामले में मुकदमा दर्ज है, जबकि पकड़े गए बाल अपचारियों पर भी पूर्व में आपराधिक प्रकरण दर्ज होने की जानकारी पुलिस ने दी है।
पुलिस टीम को मिली सफलता
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी अर्जुन सिंह, उपनिरीक्षक सुनील कुमार, हेड कांस्टेबल ओमप्रकाश यादव, भगत सिंह चौहान सहित अन्य पुलिसकर्मियों की अहम भूमिका रही।


















