चंदौली में पुलिस ने पकड़ी 65 लाख की अवैध अंग्रेजी शराब, एक तस्कर गिरफ्तार
चंदौली : थाना अलीनगर पुलिस और स्वाट सर्विलांस टीम ने संयुक्त अभियान में बड़ी सफलता हासिल की है। मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने सिन्धीपुल के समीप नेशनल हाईवे पर चेकिंग अभियान चलाया, जिसमें एक ट्रक से 5648.4 लीटर अवैध अंग्रेजी शराब बरामद की गई। इस दौरान पुलिस ने एक तस्कर को गिरफ्तार किया है। बरामद शराब की अनुमानित कीमत लगभग 65 लाख रुपये बताई जा रही है। इस मामले का खुलासा पुलिस अधीक्षक ने शनिवार को पुलिस लाइन सभागार में किया।
मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने घेरा ट्रक
शनिवार को पुलिस को सूचना मिली कि पंजाब से बिहार जा रही एक ट्रक में भारी मात्रा में अवैध अंग्रेजी शराब छुपाकर ले जाई जा रही है। इस सूचना के आधार पर थाना अलीनगर पुलिस और स्वाट सर्विलांस टीम ने सिन्धीपुल के पास हाईवे पर चेकिंग अभियान तेज कर दिया। कुछ देर बाद संदिग्ध ट्रक आता दिखाई दिया, जिसे पुलिस ने घेराबंदी कर रोक लिया।
ट्रक की तलाशी में हुआ बड़ा खुलासा
जब पुलिस ने ट्रक की तलाशी ली, तो पाया कि उसे त्रिपाल से पूरी तरह ढका गया था। शक होने पर पुलिस ने जब त्रिपाल हटाया तो ऊपर 50 बोरियों में व्हीट वाल पुट्टी रखी मिली। लेकिन जब इन बोरियों को हटाकर ट्रक के अंदर देखा गया, तो उसमें भारी मात्रा में अंग्रेजी शराब की पेटियां भरी हुई थीं। शराब की बोतलें अलग-अलग ब्रांड की थीं और इसे तस्करी के लिए पंजाब से बिहार ले जाया जा रहा था। पुलिस ने मौके से एक तस्कर को गिरफ्तार कर लिया।
बरामद शराब की कीमत 65 लाख रुपये
पुलिस अधीक्षक आदित्य लांग्हे ने बताया कि ट्रक से कुल 5648.4 लीटर अंग्रेजी शराब बरामद हुई है, जिसकी बाजार में अनुमानित कीमत लगभग 65 लाख रुपये है। यह शराब पंजाब से बिहार ले जाई जा रही थी, जहां शराब पर प्रतिबंध लगा हुआ है।
पुलिस टीम को मिली सफलता
इस अभियान में थाना अलीनगर पुलिस टीम के प्रभारी निरीक्षक विनोद कुमार मिश्रा, निरीक्षक अपराध रमेश कुमार, स्वाट टीम के आशीष मिश्रा, अमित सिंह सहित अन्य पुलिसकर्मी शामिल थे। पुलिस अधीक्षक ने टीम की सराहना करते हुए कहा कि यह कार्रवाई बिहार में शराब तस्करी के खिलाफ एक बड़ी सफलता है।
पुलिस अब इस मामले में आगे की कार्रवाई कर रही है और यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि यह गिरोह कितने समय से इस अवैध धंधे में लिप्त था और इसके पीछे कौन-कौन लोग शामिल हैं।


















