पीएम प्रणाम किसान संगोष्ठी आयोजित, किसानों को जैव उर्वरक व मृदा परीक्षण की दी गई जानकारी

55

पीएम प्रणाम किसान संगोष्ठी आयोजित, किसानों को जैव उर्वरक व मृदा परीक्षण की दी गई जानकारी

चंदौली : चकिया स्थित कृषक भारती सेवा केंद्र पर मंगलवार को पीएम प्रणाम किसान संगोष्ठी के अंतर्गत किसान सभा का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में किसानों को आधुनिक खेती, जैव उर्वरकों के उपयोग तथा कृषि विभाग की विभिन्न योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी गई।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कृभको वाराणसी के वरिष्ठ क्षेत्राधिकारी आदर्श कुमार सिंह ने कृभको तरल जैव उर्वरक के लाभ, प्रयोग की विधि तथा मृदा परीक्षण के लिए सही तरीके से नमूना लेने की प्रक्रिया पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने किसानों से संतुलित पोषण प्रबंधन अपनाकर खेती की लागत कम करने और उत्पादन बढ़ाने का आह्वान किया।

एडीओ कृषि अजीत कुमार यादव ने विभाग द्वारा संचालित योजनाओं की जानकारी देते हुए किसानों को अधिक से अधिक संख्या में फार्मर रजिस्ट्री कराने के लिए प्रेरित किया, ताकि वे सरकारी योजनाओं का लाभ आसानी से प्राप्त कर सकें।

वहीं क्षेत्रीय प्रबंधक विवेक कुमार सिंह ने राइजोसुपर, सिवारिका, जिंक एवं कम्पोस्ट के उपयोग के फायदे बताए और किसानों से सोशल मीडिया के माध्यम से कृभको से जुड़कर नई कृषि तकनीकों की जानकारी प्राप्त करने की अपील की।

कार्यक्रम के समापन पर लगभग 50 किसानों को कृभको उत्पाद पुस्तिका वितरित की गई। साथ ही संगोष्ठी में दी गई जानकारी के आधार पर आयोजित प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता के 20 विजेता किसानों को प्रोत्साहन स्वरूप निशुल्क कृभको तरल जैव उर्वरक प्रदान किया गया।

इस अवसर पर क्षेत्रीय प्रबंधक कृभको विवेक कुमार सिंह, एडीओ कृषि अजीत कुमार यादव, कृषि वैज्ञानिक कपिल देव सिंह, वरिष्ठ क्षेत्राधिकारी आदर्श कुमार सिंह सहित बड़ी संख्या में किसान बंधु उपस्थित रहे।