चहनियां में नवीन किसान सब्जी मंडी का हुआ शुभारंभ, किसानों को मिलेगी बड़ी राहत

55

चहनियां में नवीन किसान सब्जी मंडी का हुआ शुभारंभ, किसानों को मिलेगी बड़ी राहत

चंदौली : चहनियां कस्बा क्षेत्र में नवीन किसान सब्जी मंडी का सोमवार को विधिवत शुभारंभ हुआ। मंडी का उद्घाटन मुख्य अतिथि विधायक प्रभु नारायण सिंह यादव ने फीता काटकर किया। इस दौरान मर्यादा पुरुषोत्तम भगवान श्रीराम एवं भगवान श्रीकृष्ण के तैलचित्र पर माल्यार्पण कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया गया। मंडी अध्यक्ष सरिद्वार यादव ने सभी अतिथियों को अंगवस्त्रम प्रदान कर सम्मानित किया। इसके बाद सुंदरकांड का आयोजन किया गया।

उद्घाटन समारोह को संबोधित करते हुए विधायक प्रभु नारायण सिंह यादव ने कहा कि चंदौली जनपद में उत्पादित सब्जियों की पहचान अब देश ही नहीं, विदेशों तक पहुंचाने में यह मंडी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी। नवीन सब्जी मंडी के शुरू होने से चहनिया क्षेत्र के साथ ही आसपास के विकासखंडों के किसानों को भी सीधा लाभ मिलेगा। किसानों को अपनी उपज बेचने के लिए दूर नहीं जाना पड़ेगा, जिससे उनके समय और परिवहन खर्च दोनों की बचत होगी।

विशिष्ट अतिथि भाजपा के वरिष्ठ नेता उदय प्रताप सिंह ने कहा कि चंदौली के बाद ग्रामीण क्षेत्र में स्थापित यह मंडी किसानों के लिए बड़ी सौगात है। अब क्षेत्र के किसानों को सब्जियां बेचने के लिए वाराणसी मंडी का रुख नहीं करना पड़ेगा। आयोजक के अनुसार मंडी की व्यवस्था वाराणसी मंडी से जोड़ी जाएगी, जिससे किसानों को अपनी उपज के बेहतर विपणन की सुविधा स्थानीय स्तर पर ही मिल सकेगी। इससे किसानों का समय और खर्च बचेगा तथा उनकी आय में भी वृद्धि की संभावना है।

कार्यक्रम में युवजन सभा के पूर्व जिलाध्यक्ष योगेंद्र यादव, व्यापार मंडल अध्यक्ष भानु प्रताप यादव, प्रधानपति सतीश गुप्ता, संतोष यादव, गुलाब साहू, जयप्रकाश यादव, गोलू सिंह, दशरथ राम सहित बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे। कार्यक्रम का संचालन डॉ. अजय कुमार सिंह ने किया। अंत में आयोजक सरिद्वार यादव ने सभी अतिथियों एवं उपस्थित लोगों के प्रति आभार व्यक्त किया।