एसआईआर अभियान में उत्कृष्टता की मिसाल, सकलडीहा तहसील के पाँच बीएलओ को प्रशस्ति पत्र देकर किया गया सम्मानित
चंदौली : निर्वाचन आयोग द्वारा चलाए जा रहे विशेष गहन पुनरीक्षण (Special Intensive Revision – SIR) अभियान में सकलडीहा तहसील ने एक बार फिर श्रेष्ठता का परचम लहराया है। तहसील क्षेत्र के पाँच बीएलओ (BLO) ने अपने-अपने बूथ पर 100 प्रतिशत एसआईआर कार्य पूरा कर उत्कृष्टता का उदाहरण प्रस्तुत किया। इसी उपलब्धि के सम्मान में तहसील सभागार में एक गरिमामय समारोह आयोजित किया गया, जिसमें इन बीएलओ को सार्वजनिक रूप से सम्मानित किया गया।
एसडीएम कुंदन राज कपूर ने बढ़ाया हौसला
कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे उपजिलाधिकारी (SDM) कुंदन राज कपूर ने सभी उत्कृष्ट बीएलओ पुष्पा देवी, बूथ संख्या 209 (सरेसर), उर्मिला देवी, बूथ संख्या 314 (माटीगांव), पदमावती, बूथ संख्या 226 (दिग्घी), जशवंत, बूथ संख्या 311 (भोजापुर),मंजू देवी, बूथ संख्या 337 (जमुनीपुर) को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया और उनके प्रयासों की खुलकर सराहना की।
घर-घर सत्यापन से बनी अद्यतन मतदाता सूची
सभी बीएलओ ने मतदाता सूची से जुड़े एसआईआर फॉर्म भरने, घर-घर सर्वेक्षण करने और पात्र मतदाताओं के नाम जोड़ने व त्रुटियों को सुधारने का कार्य समय से पहले पूरा किया। इस अभियान का सीधा लाभ मतदाताओं को मिलेगा, जिससे आगामी चुनावों के लिए मतदाता सूची अधिक सटीक और अद्यतन रहेगी।
कार्य में गुणवत्ता और समयबद्धता की सीख
एसडीएम कुंदन राज कपूर ने कहा कि इन पाँचों बीएलओ ने न सिर्फ समय पर कार्य किया बल्कि गुणवत्ता के मानकों को भी पूरी तरह साधा। उन्होंने अधिकारियों व कर्मचारियों को निर्देशित किया कि कार्य को बोझ न समझें, टीम बनाकर सहयोग की भावना से काम करें साथ ही समयबद्ध और पारदर्शी तरीके से मतदाता सूची को अद्यतन करें। उन्होंने बताया कि बीएलओ की मदद के लिए अतिरिक्त स्टाफ भी तैनात किया गया है, ताकि किसी भी स्तर पर कार्य में बाधा न आए।
कर्मचारियों का मनोबल बढ़ाने का प्रयास
एसडीएम ने स्पष्ट कहा कि इस प्रकार के सम्मान कार्यक्रमों का उद्देश्य कर्मचारियों का मनोबल बढ़ाना है, जिससे वे आगामी चुनावी तैयारियों को और बेहतर ढंग से पूरा कर सकें। उन्होंने उम्मीद जताई कि भविष्य में भी तहसील की टीम इसी लगन एवं समर्पण के साथ कार्य करती रहेगी।


















