डीएसपी अनिरुद्ध सिंह का हुआ तबादला, एनकाउंटर स्पेशलिस्ट के रूप में है पहचान
चंदौली : लोक सभा चुनाव के बाद यूपी पुलिस विभाग में एक बार फिर बड़ा बदलाव हुआ है. योगी सरकार ने शनिवार सुबह आईपीएस अफसरों के तबादले के बाद शाम को 11 पुलिस उपाधीक्षकों के तबादले कि सूची को जारी कर दिया है. जिसमें पीडीडीयू नगर के डीएसपी अनिरुद्ध सिंह का भी नाम शामिल है. उन्हें अयोध्या में मंडाधिकारी बनाया गया है. वही डीएसपी राजीव सिसोदिया को बहराइच से चंदौली स्थानांतरण किया गया है. तबादले की सूचना के बाद पुलिस महकमें के साथ आमजनमानस समेत उनके समर्थकों में निराशा का माहौल बना हुआ है. डीएसपी अनिरुद्ध सिंह वर्ष 2021 में बतौर पुलिस उपाधीक्षक के रूप में तैनात हुए. इस दौरान वह सीओ सकलडीहा और सीओ पीडीडीयू नगर का चार्ज बखूबी संभाला. अपने सख्त तेवर के लिए जाने जाने वाले डीएसपी अनिरुद्ध सिंह की पोस्टिंग जहां-जहां भी रही वहां यह काफी चर्चा में रहे. 2019 में अनिरुद्ध सिंह को प्रमोशन मिला और यह डिप्टी एसपी हो गए.
अनिरुद्ध सिंह उत्तर प्रदेश के जालौन जिले के रहने वाले हैं. इनकी पढ़ाई इलाहाबाद यूनिवर्सिटी से हुई और 2001 में इन्होंने उत्तर प्रदेश पुलिस में नौकरी ज्वॉइन की और सब इंस्पेक्टर बने. उनकी पहली पोस्टिंग वाराणसी में थी. इसके बाद वाराणसी, जौनपुर, चंदौली सहित कई जिलों में नौकरी की. अनिरुद्ध सिंह को एनकाउंटर स्पेशलिस्ट के रूप में भी जाना गया. वर्ष 2007 में अनिरुद्ध सिंह ने उत्तर प्रदेश के खूंखार और एक लाख के इनामीया नक्सली संजय कोल का एनकाउंटर किया था. उसके बाद अनिरुद्ध सिंह काफी सुर्खियों में आए थे. इसके साथ अनिरुद्ध सिंह ने और कई एनकाउंटर किए. इस एनकाउंटर के बाद 2010 में अनिरुद्ध सिंह को आउट आफ टर्न प्रमोशन मिला और सब इंस्पेक्टर से डीएसपी पर प्रमोट हुए.

रियल हीरो से रील हीरो का सफर
अनिरुद्ध सिंह ने पुलिस महकमे में अपनी पहचान सिंघम के रूप में भी बनाई. उन्होंने पुलिस में नौकरी के साथ-साथ फिल्मों और वेब सीरीज में भी काम किया. अनिरुद्ध के फिल्मों में काम करने की कहानी भी कम दिलचस्प नहीं है. दरअसल वाराणसी कैंट में पोस्टिंग के दौरान गंस आफ बनारस फिल्म की शूटिंग चल रही थी. और शूटिंग देखने आए लोगों की काफी भीड़ जमा थी, जो बेकाबू हो रही थी. इसी दौरान इंस्पेक्टर अनिरुद्ध सिंह वहां पहुंचे और भीड़ को काबू में किया. फिल्मी हीरो जैसे लुक वाले इस पुलिस ऑफिसर को देखकर वहां मौजूद फिल्म के निर्देशक शेखर सूरी ने उन्हें पुलिस ऑफिसर का रोल ऑफर किया. अनिरुद्ध सिंह को अचानक यकीन नहीं हुआ कि ऐसा भी हो सकता है, लेकिन जब फिल्म के निर्देशक शेखर सूरी ने अनिरुद्ध से इस फिल्म में पुलिस ऑफिसर का रोल निभाने को लेकर काफी अनुरोध किया. तो अपने अधिकारियों से इजाजत लेकर अनिरुद्ध ने इस फिल्म में पुलिस ऑफिसर की भूमिका निभाई. इस फिल्म के बाद अनिरुद्ध सिंह ने साउथ की एक फिल्म डॉक्टर चक्रवर्ती में भी पुलिस ऑफिसर का रोल अदा किया. साथ ही साथ वेब सीरीज ‘दी रेडलैंड’ में भी एक्टिंग की.
बताया जाता है कि अनिरुद्ध सिंह एक बेहतरीन फोटोग्राफर भी हैं. उनके द्वारा ली गईं तस्वीरें कई एग्जीबिशन और अखबारों में नजर आती हैं. इसके अलावा उन्हें स्केचिंग का भी शौक है. इलाहाबाद यूनिवर्सिटी के इस छात्र को इतिहास और राजनीति विषय की काफी जानकारी है. वही सोशल मीडिया के विभिन्न प्लेटफार्म पर अनिरुद्ध सिंह के फॉलोअर्स की काफी संख्या है.


















