चंदौली पुलिस का बड़ा एक्शन, 11 इनामी अपराधी गिरफ्तार, 3 लाख के इनामियों पर कसा शिकंजा!
चंदौली : अपर पुलिस महानिदेशक वाराणसी जोन द्वारा पुरस्कार घोषित अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए चलाए गए विशेष अभियान में चंदौली पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। 29 जुलाई से 20 अगस्त 2026 के बीच चंदौली जनपद से जुड़े 11 पुरस्कार घोषित अपराधियों को गिरफ्तार किया गया। इन अपराधियों पर कुल 3 लाख रुपये का इनाम घोषित था।
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपियों में दयाशंकर (थाना अलीनगर), रामबाबू यादव (थाना इलिया), आकाश यादव (थाना मुगलसराय), अली हसन (थाना इलिया), गुलाम मुहम्मद (थाना सैयदराजा), राहुल यादव (थाना बलुआ), राजू मुसहर (थाना सैयदराजा), अरबाज नट (थाना धीना), कपिलदेव वर्मा (थाना सैयदराजा), महावीर कुमार (थाना कन्दवा) और दिलीप कुमार कुशवाहा (थाना मुगलसराय) शामिल हैं।
इनमें अधिकांश अपराधियों पर 25-25 हजार रुपये का इनाम घोषित था, जबकि दिलीप कुमार कुशवाहा पर 50 हजार रुपये का इनाम था। गिरफ्तार किए गए आरोपियों में मादक पदार्थ तस्करी, गोवंश तस्करी, लूट, हत्या/डकैती, अपहरण, शराब तस्करी और फिरौती के लिए अपहरण जैसे गंभीर अपराधों से जुड़े आरोपी शामिल हैं।

अभियान के तहत थाना अलीनगर पुलिस ने दयाशंकर को मादक पदार्थ तस्करी, इलिया पुलिस ने रामबाबू यादव व अली हसन को गोवंश तस्करी, मुगलसराय पुलिस ने आकाश यादव को लूट तथा सैयदराजा पुलिस ने गुलाम मुहम्मद को गोवंश तस्करी के मामले में गिरफ्तार किया। बलुआ पुलिस ने राहुल यादव को गोवंश तस्करी के मामले में दबोचा।
इसी क्रम में सैयदराजा पुलिस ने राजू मुसहर को हत्या/डकैती, धीना पुलिस ने अरबाज नट को अपहरण, सैयदराजा पुलिस ने कपिलदेव वर्मा को शराब तस्करी तथा कन्दवा पुलिस ने महावीर कुमार को गोवंश तस्करी के मामले में गिरफ्तार किया। वहीं मुगलसराय पुलिस ने 50 हजार रुपये के इनामी दिलीप कुमार कुशवाहा को फिरौती के लिए अपहरण के मामले में गिरफ्तार किया।
अपर पुलिस महानिदेशक वाराणसी जोन ने चंदौली के पुलिस अधीक्षक आकाश पटेल एवं उनकी टीम की इस कार्रवाई की सराहना करते हुए विशेष बधाई दी है। पुलिस का यह अभियान वांछित एवं पुरस्कार घोषित अपराधियों के विरुद्ध आगे भी जारी रहने की बात कही गई है।


















