चकिया में वन माफियाओं पर बड़ी कार्रवाई, बुलडोजर से टूटा अवैध कब्जा
चंदौली : चकिया तहसील क्षेत्र के रसिया जंगल में मंगलवार को वन विभाग, राजस्व टीम और पुलिस प्रशासन ने संयुक्त रूप से बड़ी कार्रवाई करते हुए करीब 100 बीघा वन भूमि को अतिक्रमण मुक्त कराया। इस दौरान पांच जेसीबी मशीनों की मदद से अवैध कब्जों को ध्वस्त किया गया, जिससे इलाके में हड़कंप मच गया और वन माफियाओं में दहशत का माहौल बन गया।
चिन्हित अतिक्रमण स्थलों पर चला बुलडोजर
सुबह से ही प्रशासनिक अमला मौके पर पहुंच गया था। वन विभाग की टीम ने पहले से चिन्हित अतिक्रमण स्थलों पर बुलडोजर चलाकर अवैध निर्माणों को गिराना शुरू किया। कार्रवाई शुरू होते ही रसिया बनवासी बस्ती में रह रहे कुछ लोगों ने विरोध जताया। कुछ अतिक्रमणकारी जेसीबी के सामने खड़े हो गए और नारेबाजी भी की, लेकिन मौके पर तैनात भारी पुलिस बल ने स्थिति को नियंत्रण में रखा और किसी भी अप्रिय घटना को नहीं होने दिया।
आगे भी कार्रवाई रहेगी जारी
प्रशासन की सख्ती के आगे विरोध धीरे-धीरे कमजोर पड़ गया और अभियान लगातार जारी रहा। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि वन भूमि पर किसी भी तरह का अवैध कब्जा बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और आगे भी इसी तरह की कार्रवाई जारी रहेगी।
अधिकारियों के अनुसार, जिले के अन्य क्षेत्रों में भी जहां-जहां वन भूमि पर कब्जे की शिकायतें मिलेंगी, वहां सख्त अभियान चलाया जाएगा। रसिया बनवासी बस्ती में हुई यह कार्रवाई प्रशासन के सख्त रुख का संकेत है, जो अब पूरे जिले में अतिक्रमणकारियों के लिए चेतावनी बन चुका है।
ये रहे मौजूद
इस दौरान थानाध्यक्ष प्रियंका सिंह, उपनिरीक्षक रामचंद्र साही, अंगद सिंह, रेंजर चकिया अश्वनी कुमार चौबे, रेंजर चंद्रप्रभा अखिलेश द्विवेदी, डिप्टी रेंजर आनंद दुबे, वन दरोगा राम आशीष समेत जय मोहनी, मजगाई और नौगढ़ रेंज के कई वनकर्मी मौके पर मौजूद रहे।


















