सार्वजनिक स्थानों पर नशेबाजी करने वालो के ऊपर कार्रवाई
चंदौली : जिले की पुलिस द्वारा शराब की दुकानों के आस-पास व सार्वजनिक स्थानों पर नशेबाजी करने वालों को खिलाफ लगातार चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है. इसके साथ ही शराबियों पर कार्रवाई भी की जा रही है. इसी क्रम में 3 दिवस में जनपदीय पुलिस द्वारा कुल 134 शराबियों के विरूद्ध कार्रवाई की गई है.

सार्वजनिक स्थानों पर शराब पीना या फिर शराब पीकर गाड़ी चलाना दंडनीय अपराध है. ऐसा करना आपके और आपकी वजह से दूसरे के लिए खतरनाक साबित हो सकता है. यह जरूरी बातें सभी जानते हैं, लेकिन जो जानकर भी अनजान बने रहते है और नहीं मानते हैं उनके लिए जनपद चंदौली पुलिस द्वारा विशेष अभियान चलाकर उनके विरुद्ध कार्रवाई की जा रही है.

पुलिस द्वारा विशेष अभियान चलाकर सार्वजनिक स्थानों पर खुले में शराब पीने, रंगबाजी दिखाने, जुआ खेलने, स्टंट दिखाने, छेड़खानी करने वालों के विरूद्ध कार्रवाई जारी है. अभियान में शराब पीकर वाहन चलाने वालों पर कार्रवाई की गई. एक बार से अधिक पकड़े जाने पर डिफॉल्टर्स का लाइसेंस भी निरस्त करवाने की कारवाई की जा रही है. शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों में संवेदनशील जगह चिह्नित कर पुलिस ने उपरोक्त प्रकार के व्यक्ति पर कार्यवाही की है.

चंदौली पुलिस ऐसे लोगों के विरुद्ध लगातार कार्रवाई ही नहीं कर रही है बल्कि ऐसे सभी लोगों को मादक पदार्थ के सेवन से होने वाले आर्थिक व शारीरिक हानि के साथ ही सामाजिक प्रतिष्ठा व परिवार के सदस्यों पर पड़ने वाले प्रतिकूल प्रभाव के संबंध में विधिवत जागरूक भी कर रही है. तथा चंदौली पुलिस द्वारा आगे से मादक पदार्थों का सेवन न करने हेतु लोगों को प्रेरित भी किया जा रहा है. पुलिस अधीक्षक आदित्य लांग्हे ने बताया कि जनपद के समस्त अधिकारी व थाना प्रभारी गण को सघन चेकिंग अभियान लगातार चलाते हुए कार्रवाई किए जाने के साथ ही लोगों को जागरुक किए जाने हेतु निर्देश दिए गए हैं वहीं या अभियान निरंतर पूरे जनपद में चलाया जाता रहेगा.


















