तेलहरा में दो पक्षों में खूनी संघर्ष, लाठी-डंडे के बाद फायरिंग, जांच में जुटी पुलिस

120

तेलहरा में दो पक्षों में खूनी संघर्ष, लाठी-डंडे के बाद फायरिंग, जांच में जुटी पुलिस

चंदौली : जनपद के कंदवा थाना क्षेत्र अंतर्गत तेलहरा गांव में रविवार सुबह एक मामूली विवाद ने अचानक हिंसक रूप ले लिया। बच्चों के बीच कहासुनी से शुरू हुआ विवाद देखते ही देखते मारपीट और फायरिंग तक पहुंच गया, जिससे गांव में अफरा-तफरी मच गई।

बच्चों की कहासुनी बनी खूनी संघर्ष की वजह

प्राप्त जानकारी के अनुसार, विवाद की शुरुआत कुत्ते को लेकर हुई थी। इस मुद्दे पर एक दिन पहले भी दोनों पक्षों के बीच तनातनी हुई थी। रविवार सुबह करीब 7 बजे एक बार फिर दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए और कहासुनी के बाद मामला बिगड़ गया।

देखते ही देखते दोनों पक्षों में लाठी-डंडे चलने लगे। इसी दौरान एक पक्ष की ओर से लाइसेंसी बंदूक से ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी गई। फायरिंग में एक ही परिवार के 6 लोग गोली लगने से घायल हो गए, जबकि 2 अन्य लोग मारपीट में घायल बताए जा रहे हैं। वहीं दूसरे पक्ष के भी कुछ लोगों के घायल होने की सूचना है।

आरोपी पक्ष पर फायरिंग का आरोप, जांच में जुटी पुलिस

घटना में एक पक्ष के परिवार पर फायरिंग करने का आरोप लगाया गया है। सभी घायलों को तत्काल नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज जारी है। चिकित्सकों के अनुसार सभी घायलों की हालत स्थिर है और वे खतरे से बाहर हैं।

सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और हालात को नियंत्रित किया। गांव में तनावपूर्ण स्थिति को देखते हुए भारी पुलिस बल तैनात कर दिया गया है।

फायरिंग में इस्तेमाल बंदूक जब्त, 15 लोग हिरासत में

इस संबंध में सीओ सदर देवेंद्र कुमार ने बताया कि बच्चों के विवाद को लेकर दो पक्षों में मारपीट हुई थी। इसी दौरान एक पक्ष द्वारा लाइसेंसी बंदूक से फायरिंग की गई, जिसमें 5-6 लोगों को छर्रे लगे हैं। पुलिस ने फायरिंग में प्रयुक्त बंदूक को जब्त कर लिया है और फायरिंग करने वाले समेत करीब 15 लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।

प्राथमिक जांच में दोनों पक्षों के बीच पुरानी रंजिश की बात भी सामने आई है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की गंभीरता से जांच कर रही है और गांव में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए लगातार निगरानी की जा रही है।