चोरी की बाइक संग शातिर चोर चढ़ा पुलिस के हत्थे, साथी फरार
चन्दौली : अपराध व अपराधियों पर नकेल कसने के लिए चन्दौली पुलिस अधीक्षक आदित्य लांग्हे के निर्देश पर जिलेभर में चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना बलुआ पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल की है। बीती रात चेकिंग के दौरान पुलिस ने चोरी की मोटरसाइकिल के साथ एक शातिर अभियुक्त को गिरफ्तार कर लिया। पकड़े गए अभियुक्त के खिलाफ विभिन्न थानों में आपराधिक मुकदमे पहले से ही दर्ज हैं।
अमरीपुर नहर पुलिया से हुई गिरफ्तारी
जानकारी के मुताबिक थाना बलुआ प्रभारी निरीक्षक अतुल कुमार के नेतृत्व में पुलिस टीम बीते मंगलवार की रात करीब 8 बजे क्षेत्र में संदिग्ध वाहनों की चेकिंग कर रही थी। इस दौरान अमरीपुर नहर पुलिया, ग्राम पपौरा के पास पुलिस ने एक संदिग्ध युवक को रोककर पूछताछ की। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से सुपर स्पेलेण्डर मोटरसाइकिल (वाहन संख्या UP67AB1553) बरामद हुई, जो चोरी की निकली। वही गिरफ्तार अभियुक्त की पहचान किशन कुमार पुत्र सुबाष निवासी ग्राम मरकनिया पक्खोपुर, थाना बलुआ, जनपद चन्दौली के रूप में हुई।
मुकदमा दर्ज, साथी की तलाश
पुलिस ने बताया कि किशन कुमार और उसके साथी विक्की दुबे पुत्र रामलखन (निवासी ग्राम दुदे, थाना बबुरी, जनपद चन्दौली) के खिलाफ थाना बलुआ पर मुकदमा अपराध संख्या 246/2024 धारा 317(2)/318(4)/319(2) बीएनएस के तहत मुकदमा दर्ज कर आवश्यक विधिक कार्यवाही की जा रही है। फिलहाल उसका साथी फरार है, जिसकी तलाश में दबिश दी जा रही है।
अभियुक्त का आपराधिक इतिहास
पुलिस रिकार्ड के अनुसार अभियुक्त किशन कुमार पर पहले भी आपराधिक मामले दर्ज हैं। जिसमें मुकदमा अपराध संख्या 246/2024 धारा 317(2)/318(4)/319(2) बीएनएस थाना बलुआ और मुकदमा अपराध संख्या 310/2023 धारा 379 भादवि थाना लंका, जनपद वाराणसी में दर्ज है।
गिरफ्तारी करने वाली टीम
गिरफ्तारी में थाना बलुआ की पुलिस टीम ने सक्रिय भूमिका निभाई। जिसमें थानाध्यक्ष अतुल कुमार, उपनिरीक्षक राजेश सिंह (चौकी प्रभारी कैलावर), हेड कांस्टेबल रामकेश शास्त्री और कांस्टेबल शिशिर यादव शामिल रहे।
अधिकारियों का बयान
इस कार्रवाई के संबंध में क्षेत्राधिकारी सकलडीहा स्नेहा तिवारी ने बताया कि पुलिस टीम लगातार गश्त और चेकिंग कर रही है। इसी क्रम में एक शातिर वाहन चोर को गिरफ्तार कर लिया गया। वही उसका साथी फरार है। दबिश दी जा रही है। सीघ्र ही उसे भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा। उन्होंने बताया कि जिले में कानून व्यवस्था को मजबूत बनाए रखने के लिए अभियान चलाया जा रहा है। अपराधी किसी भी कीमत पर बख्शे नहीं जाएंगे। जनता से भी अपील है कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें।


















